{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हांसी में पटवारी ₹5,000 रिश्वत लेते गिरफ्तार

 

हिसार

हांसी में विजिलेंस विभाग ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी अजीत को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई भाटला गांव के एक किसान की शिकायत पर की गई, जिसने नक्शा और बदर बनवाने के लिए पटवारी से संपर्क किया था।

किसान ने बताया कि पटवारी ने कुल ₹9,500 की रिश्वत मांगी थी, जिसमें से वह पहले ही ₹4,500 दे चुका था। शेष ₹5,000 की राशि लेते समय विजिलेंस टीम ने मौके पर छापा मारा।

सूत्रों के अनुसार, पटवारी अजीत ने गोविंद नामक व्यक्ति को अपना सहयोगी बना रखा था, जिसने किसान से यह ₹5,000 की रिश्वत ली थी।

विजिलेंस टीम ने पूर्व योजना के तहत गोविंद के माध्यम से रिश्वत की रकम दिलवाई। जैसे ही गोविंद ने पैसे लिए, रासायनिक जांच में उसके हाथ रंगीन हो गए, जिसके बाद टीम ने पटवारी अजीत और उसके सहयोगी गोविंद दोनों को हिरासत में ले लिया।

इस कार्रवाई के दौरान हांसी के SDM राजेश खोथ को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था और वे पूरी प्रक्रिया के समय मौके पर मौजूद रहे। विजिलेंस टीम ने घटनास्थल से आवश्यक सबूत जुटाए हैं।

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।