{"vars":{"id": "123258:4912"}}

PM मोदी हरियाणा पहुंचे, कुरुक्षेत्र में पांचजन्य शंख स्मारक का उद्घाटन किया 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 25 नवंबर को हरियाणा के दौरे पर हैं। कुरुक्षेत्र में उन्होंने ज्योतिसर अनुभव केंद्र का लोकार्पण और पांचजन्य शंख स्मारक का शुभारंभ किया।

प्रधानमंत्री ने अनुभव केंद्र का दौरा कर महाभारत की कहानियां भी देखीं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उनके साथ मौजूद हैं।

इसके बाद PM श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के समागम कार्यक्रम में पहुंचेंगे। इस दौरान, वे गुरु को समर्पित एक सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगे। इसके लिए 155 एकड़ में अलग-अलग पंडाल बनाए गए हैं। मुख्य पंडाल को 25 एकड़ में बनाया गया है।

गुरु ग्रंथ साहिब मंच से करीब ढाई फुट ऊपर विराजमान रहेंगे। मंच के एक तरफ 350 बच्चियां कीर्तन करेंगी। PM मोदी समेत अन्य नेता जमीन पर बैठेंगे। आखिर में प्रधानमंत्री इंटरनेशल गीता जयंती महोत्सव में शामिल होंगे और ब्रह्मसरोवर पर संध्याकालीन आरती में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री करीब ढाई घंटे कुरुक्षेत्र में रुकेंगे। 

श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर हो रहे समागम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर और राव इंद्रजीत सिंह पहुंच गए हैं।

कुरुक्षेत्र में श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर आयोजित समागम में हरियाणा और पंजाब के अलावा अन्य राज्यों से भी संगत पहुंची है।