लूट-मर्डर केस में पुलिस-बदमाश में मुठभेड़
सोनीपत के मल्ला माजरा लूट और हत्या मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी कुबेर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया है। एंटी गैंगस्टर यूनिट और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है।
घायल अवस्था में आरोपी को सोनीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। आरोपी कुबेर ने मल्ला माजरा निवासी साहिल की तीन बार चाकू मारकर बेरहमी से हत्या की थी। आरोपी पर पुलिस ने 5 हजार का इनाम रखा हुआ था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मल्ला माजरा लूट-मर्डर केस का मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर कुबेर एक बार फिर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।
इसी दौरान पुलिस को उसके मूवमेंट को लेकर गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद एंटी गैंगस्टर यूनिट को अलर्ट किया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुनीरपुर-सफियाबाद रोड पर आरोपी की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरता देख आरोपी ने मौके से फरार होने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग भी की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी कुबेर के पैर में गोली लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू में लेकर तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। मुठभेड़ को सोनीपत की एंटी गैंगस्टर यूनिट ने अंजाम दिया।