{"vars":{"id": "123258:4912"}}

 पुलिस ने पकड़ा नकली घी, ऑटो से 25 पेटी बरामद

 

सोनीपत पुलिस ने नकली देसी घी बेचने वाले गिरोह के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से अलग-अलग ब्रांड के नकली घी से भरी 25 पेटियां बरामद की गईं, जो गोहाना में सप्लाई की जानी थी।

शहर थाना गोहाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पुराने बस स्टैंड के पास नाकाबंदी की। इस दौरान एक ऑटो में 25 पेटी नकली घी के साथ जींद के गांव बीबीपुर निवासी जसबीर को पकड़ा गया।

पुलिस ने तुरंत खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र को मौके पर बुलाया। जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि घी नकली है, जिसके बाद जसबीर को गिरफ्तार कर लिया गया और सभी पेटियों को जब्त कर लिया गया।

​पुलिस को जसबीर के पास से राजधानी फ्रेश, हरियाणा, राधा कृष्ण और कई अन्य ब्रांड के नाम से बिकने वाला नकली घी मिला। यह खुलासा हुआ है कि इस तरह के नकली घी को अलग-अलग ब्रांडों के नाम से बेचा जा रहा था। पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए घी की कुल मात्रा 450 लीटर है।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जसबीर ने बताया कि वह यह नकली घी जींद के पिल्लू खेड़ा स्थित एक फैक्ट्री से लेकर आया था। पुलिस अब इस जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। यह माना जा रहा है कि पिल्लू खेड़ा में ही नकली घी बनाने का यह पूरा रैकेट संचालित हो रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस गोरखधंधे में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।