राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियां तेज
भिवानी:
राष्ट्रीय स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता (एथलेटिक्स) के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों में तेज़ी आ गई है। इसी क्रम में शिक्षा विभाग खेल की सहायक निदेशक डा. वीना सिंह ने बुधवार को स्थानीय भीम स्टेडियम स्थल का गहन निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध उच्च-स्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
यह प्रतियोगिता भीम स्टेडियम में 26 से 30 नवंबर तक आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर के खिलाड़ी भाग लेंगे। इस बारे में जानकारी देते हुए कोच सत्यवान व पीटीआई विनोद पिंकू ने बताया कि राष्ट्रीय स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 26 से 30 नवंबर तक भीम स्टेडियम में होनी है।
इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को शिक्षा विभाग खेल की सहायक निदेशक डा. वीना सिंह यहां पहुंची तथा प्रतियोगिता से जुड़ी पीटीआई, डीपीई व अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर करीबन 300 पीटीआई व डीपीई की ड्यूटियां लगाई गई है तथा वे सभी अपनी ड्यूटी को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभा रहे है। निरीक्षण के दौरान वीना सिंह ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता को शानदार और सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं ना केवल समय पर पूरी हों, बल्कि उनकी गुणवत्ता भी उच्च स्तर की होनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि चूंकि यह एक राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या कमी अस्वीकार्य है।
सहायक निदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि देशभर के विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाडिय़ों एवं अधिकारियों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने मेहमाननवाज़ी, आवास, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था व खेल सुविधाओं की उपलब्धता और उत्कृष्टता को लेकर पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वीना सिंह ने ज़ोर देकर कहा कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की रुकावट या बाधा उत्पन्न न हो, यह सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागीय कर्मचारियों की सामूहिक जि़म्मेदारी है। उन्होंने सभी को आपसी समन्वय के साथ पूर्ण जि़म्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। वीना सिंह ने कहा कि यह प्रतियोगिता एथलेटिक्स की विधा में स्कूली स्तर के सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगी और भिवानी को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाएगी।
इस अवसर पर सत्यवान कोच, डा. अनिल कुमार, मदन गोपाल प्रवक्ता, विनोद पिंकू, प्रीतपाल डीपीई, अरविंद कौशिक, अजय प्रवक्ता, सुधीर मलिक, सुखदेव डीपीई, रविंद्र तालु, कुसुम प्रवक्ता, विनोद बाला, अमित डीपीई, शैलेंद्र पीटीआई भी साथ रहे।