राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज हिसार में:जीजेयू के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज सोमवार को हिसार दौरे पर रहेंगी। जहां वह गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को डिग्री वितरित करेंगी। इसके बाद वह प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में भी शामिल होंगी।
राष्ट्रपति के साथ-साथ समारोह में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई वीआईपी मेहमान शामिल होंगे। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली। सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक व्यवस्था तक पूरी चाक-चौबंद रहेगी।
राष्ट्रपति सुबह 10.55 बजे जीजेयू के समारोह में पहुंचेंगी। करीब 1 घंटे में वह डिग्री व मेडल देने के बाद जीजेयू के वीआईपी गेस्ट हाउस में लंच करेंगी। दोपहर बाद 3.20 बजे ब्रह्मकुमारीज विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में भाग लेंगी।
सुरक्षा में 2000 पुलिसकर्मी तैनात
सुरक्षा के लिए 10 आईपीएस, 26 डीएसपी और करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जीजेयू में वाहनों को पूरी चेकिंग के बाद ही एंट्री दी जाएगी। राष्ट्रपति के आगमन के समय जीजेयू की तरफ जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक को कुछ देर के लिए बंद रखा जाएगा।
561 पीएचडी शोधार्थियों दी जाएंगी डिग्रियां
वीसी प्रो. नरसी राम बिश्नोई के अनुसार, दीक्षांत समारोह चौधरी रणबीर सिंह सभागार के मुख्य हॉल में होगा। समारोह में विश्वविद्यालय द्वारा पीएचडी, पोस्ट ग्रेजुएट व अंडर ग्रेजुएट की डिग्रियों के अतिरिक्त मेडल भी प्रदान किए जाएंगे।
समारोह में 9 फरवरी 2018 से 31 दिसंबर 2024 तक अवॉर्ड की गई 561 पीएचडी की डिग्रियां संबंधित शोधार्थियों को प्रदान की जाएंगी। यूटीडी और पुराने इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट महाविद्यालयों के 326 विद्यार्थियों को मेडल्स प्रदान किए जाएंगे।
2017 से 2023 तक के पासआउट संबद्ध डिग्री, लॉ व शिक्षा कॉलेजों के 149 विद्यार्थियों को यूनिवर्सिटी मेडल्स प्रदान किए जाएंगे। दूरस्थ शिक्षा माध्यम से 2018 से 2023 के बीच पासआउट 89 विद्यार्थियों को दूरस्थ शिक्षा कोर्स मेडल प्रदान किए जाएंगे। यूटीडी के केवल मई 2024 पासआउट 1529 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय में गत दीक्षांत समारोह 2017 में हुआ था।