{"vars":{"id": "123258:4912"}}

 राष्ट्रपति ने श्रुति चौधरी को किया सम्मानित 

 

भिवानी।

भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा घोषित छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 में हरियाणा को सर्वश्रेष्ठ राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। हरियाणा राज्य को तृतीय स्थान हासिल करने पर ये पुरस्कार दिया गया है।

सर्वश्रेष्ठ जल प्रबंधन को लेकर प्रदेश की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार समारोह में यह सम्मान प्रदान किया।

इस दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, जल शक्ति एवं रेल राज्य मंत्री वी.सोमन्ना और जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी तथा प्रदेश के सिंचाई विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल, विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ डॉ. सतबीर सिंह कादियान भी उपस्थित रहे।    
उल्लेखनीय है कि जल पुरस्कार प्रतिष्ठित सम्मान एकीकृत एवं सतत जल प्रबंधन में राज्य की अनुकरणीय उपलब्धियों और निरंतर नेतृत्व को दर्शाता है। छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 के लिए नामांकन सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, हरियाणा द्वारा फरवरी 2025 में प्रस्तुत किया गया था और मंत्रालय की टीम द्वारा इसका विस्तृत मूल्यांकन किया गया था। जो कि पैमाने पर खरा उतरता मिला।
सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी द्वारा प्रदेश में जल प्रबंधन और जल संरक्षण को लेकर किए गए अथक प्रयासों के चलते हरियाणा की यह उपलब्धि उनके मजबूत और दूरदर्शी एकीकृत जल संसाधन प्रबंधन (आईडब्ल्यूआरएम) दृष्टिकोण को दर्शाता है, जो कि दीर्घकालिक जल सुरक्षा के लिए वैज्ञानिक योजना, सामुदायिक भागीदारी और तकनीकी प्रगति को प्रदशर््िात करता है।
वहीं दूसरी ओर श्रुति चौधरी ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की तरफ से इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए जल शक्ति मंत्रालय के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा है कि केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व एवं कुशल मार्गदर्शन में जल प्रबंधन में किए गए प्रयासों का ही परिणाम है, जिसके लिए वे बहुत-बहुत आभारी हैं।