{"vars":{"id": "123258:4912"}}

प्राइवेट अस्पताल नहीं करेंगे आयुष्मान कार्ड से इलाज 

 

हरियाणा के प्राइवेट अस्पतालों ने आज रात से आयुष्मान कार्ड धारकों का इलाज बंद कर दिया है। दरअसल, भारतीय चिकित्सा संघ (IMA) की देर रात आयुष्मान कार्ड धारकों के इलाज को लेकर हुई मीटिंग में बकाया राशि पर ब्याज दिए जाने को लेकर सरकार से बात नहीं बन पाई, जिसके बाद सूबे के सभी प्राइवेट अस्पतालों ने रात 12 बजे से स्वास्थ्य सेवाएं बंद करने का ऐलान कर दिया था।

आईएमए के हड़ताल के ऐलान के बाद सरकार की ओर से प्राइवेट अस्पतालों की करीब 245 करोड़ रुपए बकाया राशि जारी कर दी गई है, अभी भी अस्पतालों का 490 करोड़ रुपए बकाया है। 

आईएमए हरियाणा की एक ऑनलाइन बैठक एसीएस स्वास्थ्य सुधीर राजपाल और आयुष्मान भारत हरियाणा हेल्थ अथॉरिटी के पदाधिकारियों के साथ हुई। आईएमए की ओर से, इसमें अध्यक्ष डॉ एमपी जैन, आईपीपी डॉ अजय महाजन, निर्वाचित अध्यक्ष डॉ सुनीता सोनी, सचिव डॉ धीरेंद्र के सोनी और आयुष्मान समिति के अध्यक्ष डॉ सुरेश अरोड़ा शामिल हुए। 

IMA की ओर से मीटिंग में भुगतान किए जाने वाले अस्पतालों की सूची मांगी। हालांकि सरकार की ओर से संबंधित अस्पतालों को सूची भेज देने को कहा गया। जबकि अस्पतालों ने इस भुगतान की प्राप्ति से इनकार किया। इस सब वार्ता के बाद आईएमए हरियाणा ने सभी अनुबंधित अस्पतालों के साथ एक ऑनलाइन मीटिंग की। बातचीत के बाद सभी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि रात से आयुष्मान सेवाएं को स्थगित कर दिया जाए।