{"vars":{"id": "123258:4912"}}

प्रियंका गांधी आज देश के करोड़ों युवाओं और महिलाओं की बन चुकी है आवाज : प्रदीप नरवाल 

 

भिवानी:

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और कांग्रेस की प्रखर नेत्री प्रियंका गांधी के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को भिवानी में कांग्रेस नेताओं ने एकजुटता का बड़ा संदेश दिया।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल के स्थानीय कार्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के दिग्गज कांग्रेसी नेता एक मंच पर नजर आए। इस अवसर पर प्रियंका गांधी के 54वें जन्मदिन के प्रतीक स्वरूप 54 किलो लड्डुओं का केक काटा गया और उनकी लंबी आयु की कामना की गई। जश्न के बाद कांग्रेस नेताओं ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए अनाथ आश्रम में बच्चों को गर्म कपड़े वितरित किए और उन्हें भोजन करवाया।
     कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल ने कहा कि प्रियंका गांधी आज देश के करोड़ों युवाओं और महिलाओं की आवाज बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने जिस तरह से सडक़ से संसद तक जनता की लड़ाई लड़ी है, उससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। आज भिवानी में कांग्रेस का हर कार्यकर्ता एकजुट है और हम मिलकर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते रहेंगे।
     ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी और शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रियंका गांधी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में कांग्रेस शासनकाल के दौरान देश में जो अभूतपूर्व विकास कार्य हुए, जनता आज भी उन्हें याद करती है। उन्होंने कहा कि आज का यह भव्य आयोजन यह साबित करता है कि भिवानी जिला कांग्रेस पूरी तरह से संगठित है।

दादरी से कांग्रेस प्रत्याशी रहीं मनीषा सांगवान ने प्रियंका गांधी को महिला सशक्तिकरण का पर्याय बताया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रियंका गांधी ने लडक़ी हूं, लड़ सकती हूं का जो नारा दिया, उसने राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को नई दिशा दी है। उनके जन्मदिन पर हमने समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा का संकल्प लिया है।
     वही एनएसयूआई के नेशनल कोऑर्डिनेटर लक्ष्यजीत सिंह पानु ने कहा कि प्रियंका गांधी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रियंका गांधी युवाओं के रोजगार और अधिकारों के लिए लड़ती हैं, उसी से प्रेरित होकर आज छात्र शक्ति कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
    इस अवसर पर कमल सिंह प्रधान, नरेंद्र राज, पवन बुवानीवाला, लक्ष्यजीत सिंह पन्नू राष्ट्रीय संयोजक एनएसयूआई, उमेश भारद्वाज, ईश्वर मान, रेणू बाला, अमन तंवर राघव, बलवान घणघस, सुभाष चेयरमैन, राजदीप सरपंच, काला मुंढाल, मंजीत लगायान, राजेंद्र थानेदार श्यामवीर, दिनेश शास्त्री, लक्ष्मण परमार, राजेश यादव, रमेश पालवास, बलवान सरपंच भी मौजूद रहे।