{"vars":{"id": "123258:4912"}}

जलभराव से हुए नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर दिया धरना  

 

भिवानी :

अखिल भारतीय किसान सभा ब्लाक तोशाम ने जलभराव व बाढ़ ग्रस्त गांव के किसानों की समस्याओं को लेकर एसडीएम कार्यालय तोशाम के सामने प्रदर्शन किया तथा धरना दिया।

प्रदर्शन व धरना की अध्यक्षता सभा के ब्लाक कोषाध्यक्ष रणधीर सांगवान ने की तथा मंच संचालन किसान सभा के ब्लाक सचिव नरेंद्र डाडम ने किया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान सभा के नेताओं ने कहा कि बवानीखेड़ा, भिवानी व तोशाम तहसील के तीन दर्जन से अधिक गांव में भारी बारिश  पीछे से अत्याधिक पानी आने से ड्रेन व नहरें ओवर फ्लो होने के कारण इन गांव में भंयकर जल भराव व बाढ़ आ गई( तोशाम तहसील के गांव मीरान, दांग खुर्द, दांग कलां, बीरण, रिवासा व सागवान में इस जलभराव व बाढ़ से भारी तबाही मचाई है।
     उन्होंने कहा कि सागवान गांव में 70 प्रतिशत घरों में पानी घुस गया, मकान तबाह हो गए, पक्के व मजबूत मकानों में भारी दरारें आ गई, खरीफ फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई तथा रबी फसल की बुआई नहीं हो पाएगी, गांव के 70 प्रतिशत निवासी अपना सामान व पशुओं को लेकर गांव से पलायन कर चुके है।

किसान नेताओं ने कहा कि सरकार व प्रशासन की लापरवाही से भिवानी घग्गर ड्रेन का पानी निगाणा नहर में डालने की बजाए दांग व सागवान की तरफ करने से ऐसी तबाही आई है।
     किसानों ने एसडीएम तोशाम को ज्ञापन देकर मांग की है कि जलभराव व बाढ़ के पानी की शीघ्र निकासी करवाए तथा इससे हुए नुकसान की विशेष गिरदावरी करवाई जाए तथा किसानों को एक लाख रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिलाया जाए, बाढ़ ग्रस्त व जल भराव ग्रस्त नुकसान हुए मकानों का सर्वे  करवाया जाए, न्यायोचित मुआवजा दिलाया जाए, पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की जाए, पीडि़त व प्रभावित मजदूरों को भी मुआवजा मिले, जलभराव गांव में 600 रुपये प्रतिदिन दिहाड़ी देकर 200 दिन के लिए मनरेगा का काम लगाया जाए।
    उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार व प्रशासन चुप रहकर जनता की तबाही देख रहा है। उसने तबाही को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। प्रदर्शन व धरने में दिनेश मीरान, महाबीर रोढ़ा, बलराज मिरान, उमेद सिंह गारनपुरा, जिले सिंह जैनावास, मांगेराम गारनपुरा, सत्यवीर पिंजोखरा, महाबीर सिढ़ान, महाबीर सरपंच भेरा, उजाला राम दुहन व ईश्वर सरपंच मिरान शामिल रहे।