{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भगवंत मान का बड़ा बयान: पंजाब में तेल-गैस की कमी नहीं, अफवाहों से बचें

पीएम मोदी के साथ मीटिंग के बाद सीएम भगवंत मान ने कहा- पंजाब में 14 दिन का डीजल और 12 दिन का पेट्रोल स्टॉक मौजूद। लॉकडाउन की खबरें अफवाह, पैनिक न फैलाएं।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मे बीती शाम (शुक्रवार) सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वर्चुअल मीटिंग की थी, जिसके बारे में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस मीटिंग में किन मुद्दों पर चर्चा की गई. शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम मान ने कहा कि पूरे विश्व में इस वक्त युद्ध की वजह से पैनिक की स्थिति है और युद्ध समुद्र रास्ते में रुकावट बन गया है जिसकी वजह से पेट्रोलियम उत्पादों और गैस की सप्लाई में कमी आ रही है.सीएम मान ने बताया कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सभी राज्यों के मुख्यमंत्री की वर्चुअल मीटिंग हुई , जिसमें विस्तार से सभी राज्यों ने अपना-अपना पक्ष रखा है. उन्होंने कहा कि उड़ीसा और गुजरात जिनका तट समुद्र से लगता है, कई राज्यों में कोयले की खानें हैं हमने खेती और बॉर्डर से जुड़े मुद्दे क प्रधानमंत्री के सामने रखें.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कई देशों के साथ काफी अच्छे संबंध है वहां के प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति के साथ पीएम मोदी के अच्छे संबंध और दोस्ती है. उन्होंने कहा कि ये वक्त अब दोस्ती का इस्तेमाल करके जंग में फंसे भारतीयों को इस संकट से निकालने का है. उन्होंने कहा कि हमारे देश में पेट्रोलियम पदार्थ या एक्सपोर्ट-इंपोर्ट में कोई दिक्कत ना है और आए इसे लेकर पीएम आगे बढ़कर कुछ कदम उठाएं.

‘विश्व गुरु की बजाय अब हम विश्व चेले बनते जा रहे हैं’

सीएम ने कहा कि विश्व गुरु बनने की बातें हम कर रहे हैं लेकिन अब जो स्थिति है वो कुछ अलग डायरेक्शन में जा रही है कि भारत को व्हाइट हाउस से आर्डर आता है कि आपको एक महीने के लिए रूस से कच्चा तेल खरीदने की इजाजत दी गई है. उन्होंने सवाल किया कि क्या अब हम व्हाइट हाउस से इजाजत लेकर अपना देश चलाएंगे. विश्व गुरु की बजाय अब हम विश्व चेले बनते जा रहे हैं.

‘संकट के वक्त हमेशा पंजाब देश का साथ देता है’

उन्होंने कहा कि संकट के वक्त हमेशा पंजाब देश का साथ देता है और अपना योगदान देता रहा है. उन्होंने कहा कि हमने प्रधानमंत्री को बताया कि हमारे गेहूं की फसल मंडी में आने वाली है ट्रैक्टर भी चलेंगे, कंबाइन मशीनें भी चलेंगी और ट्रक भी चलेंगे. इसलिए हमें डीजल और पेट्रोल की कमी नहीं होनी चाहिए क्योंकि ये जो गेहूं है वो पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम के लिए नेशनल पूल में दी जाती है और हम ये केंद्र सरकार का ही काम कर रहे हैं.

सीएम ने कहा कि हमारी फसल मंडी में आए बिके और उसे गोदाम में पहुंचाया जाए इसे लेकर तेल की कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए क्योंकि कुछ दिनों में हमारा गेहूं का सीजन शुरू होने वाला है. उन्होंने कहा कि हमारे पास अभी 12 से 14 दिन का स्टॉक तेल का पड़ा है और पहले भी इतने ही दिन का स्टॉक होता है इसमें फिलहाल कोई कमी नहीं है. जो अफवाहें फैलाई जा रही है उससे पंजाब के लोगों को बचने की जरूरत है.

‘लॉकडाउन लगने की बात सिर्फ अफवाह’

उन्होंने बताया कि चीफ सेक्रेटरी सभी जिलों के डीसी से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं और पंजाब सरकार लगातार केंद्र सरकार के गृह विभाग और पेट्रोलियम विभाग के साथ संपर्क में हैं. उन्होंने ये भी कहा कि लॉकडाउन लगने की बात सिर्फ अफवाह है और ऐसा कुछ नहीं है. उन्होंने कहा कि जरूरी चीजें बाजार से खत्म हो जाएंगी और इन्हें हम स्टॉक करके घर में रख लें ये सभी बातें बेबुनियाद है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि 41 अलग-अलग देशों के साथ हमारे देश के इंपोर्ट के समझौते हैं. देश में 7 दिन के कच्चे तेल की जरूरत है और एक महीने की गैस सप्लाई को भी सिक्योर किया गया है ये केंद्र सरकार के आंकड़ें हमें बताए गए हैं. उन्होंने कहा कि पंजाब के पास फिलहाल 12 दिन के लिए पेट्रोल, 14 दिन के लिए डीजल और 6 दिन के लिए एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है इसलिए लोग बेवजह घबराएं नहीं. उन्होंने कहा कि ये आम हालत में जरूरत को पूरा करने के लिए काफी है और 2 महीने पहले भी इतना ही स्टॉक रहता था. उन्होंने कहा कि युद्ध शुरू होने से पहले भी इतना ही स्टॉक होता था और जो डिमांड आ रही है उसे पूरा किया जा रहा है लेकिन फिलहाल डिमांड बढ़ गई है.

‘पेट्रोल पंप पर लाइन लगने वाले हालात अभी नहीं’

सीएम मान ने बताया कि चीफ सेक्रेटरी और लोकल डीसी को कहा गया है कि जिस भी पेट्रोल पंप पर लाइन लग रही है वहां की स्थिति चेक करें क्योंकि लाइन लगने वाले हालात अभी नहीं बने हैं. उन्होंने कहा कि लोगों से निवेदन है कि रुटीन की तरह ही एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों का इस्तेमाल करें स्टोर करने की कोशिश ना करें. सीएम ने कहा कि 70% कमर्शियल सप्लाई बढ़ाने का ऐलान रात में केंद्र सरकार द्वारा किया गया है. हमने केंद्र सरकार से कहा है कि कमर्शियल सप्लाई की ओर भी पाबंदी हटाई जाए ताकि हमें फैक्ट्री को ये ना कहना पड़े कि हफ्ते में 2 दिन आपको काम बंद रखना होगा.

सीएम ने कहा कि फैक्ट्रियां चलती है तो हजारों लोगों के घरों के चूल्हे जलते हैं मजदूरों का दिहाड़ी का काम होता है. उन्होंने कहा कि पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम में किसी अनाज की सप्लाई की कोई कमी नहीं है. हमने केंद्र सरकार को कहा है कि पंजाब को डीएपी खाद की जितनी जरूरत है वो सप्लाई भी महैया कराई जाए क्योंकि 1 जून से पंजाब में धान की फसल की रोपाई भी शुरू हो जाएगी. उन्होंने कहा कि मीडिया को सही जानकारी देने के लिए एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया गया है ताकि सही स्थिति की जानकारी मिले और जनता के बीच पैनिक ना फैले और सही जानकारी जनता को मीडिया के माध्यम से पहुंचाई जाए. तेल कंपनियां के चंडीगढ़ के अधिकारियों के साथ हमारी सरकार के अधिकारियों की मीटिंग हुई है और हम लगातार उनके संपर्क में हैं.

‘पंजाब सरकार और तेल कंपनियों की विशेष टीमें तैनात’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार और तेल कंपनियों की विशेष टीमें तैनात की गई है. कालाबाजारी और जमाखोरी और गैर-कानूनी गतिविधियों पर ये टीमें नजर रखेंगी. इन टीमों के द्वारा कल 27 मार्च तक 1497 चेकिंग की गई और 301 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए जोकि ब्लैक मार्केटिंग में बेचने के प्रयास किये जा रहे थे. ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सीएम ने कहा कि हमारी केंद्र सरकार से मुख्य मांग थी कि अर्बन इलाकों में सिलेंडर दोबारा भरवाने का जो वेट पीरियड है वो 25 दिन है जबकि रुरल में 45 दिन है. केंद्र सरकार के आंकड़े कहते हैं कि गांवों में एलपीजी गैस का चूल्हा कम इस्तेमाल होता है साथ में लकड़ी का ईंधन के तौर पर इस्तेमाल भी होता है. हमने केंद्र सरकार को कहा है कि अब उस तरह का जमाना नहीं रहा और गांव भी शहरों की तरह बन गए हैं और रुरल इलाके की वेटिंग को भी 25 दिन किया जाना चाहिए ये बात केंद्र सरकार द्वारा नोट की गई है.

’41 लाख मिट्रिक टन गेहूं गोदामों में रखा है’

उन्होंने कहा कि पंजाब हमेशा संकट के वक्त में देश के काम आता है और कल भी हमने प्रधानमंत्री को यही बात कही है कि हमारे पास 41 लाख मिट्रिक टन गेहूं गोदामों में पहले से पड़ा है और 130 लाख मिट्रिक टन गेहूं अभी और इस गेहूं सीजन में आने वाली है यानी 171 लाख मिट्रिक टन गेहूं हमारे पास आने वाला है. 139 लाख मिट्रिक टन चावल भी हमारे गोदाम में पड़ा है. उन्होंने कहा कि हमने केंद्र सरकार को कहा है कि आप इस अनाज को उठाओ. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत इस अनाज को आप जिस मर्जी राज्य में ले जा सकते हो हमारा जो भंडार है वो हम देश के लिए खोलने के लिए तैयार हैं.इससे हमारे हमारे गोदाम भी अगली प्रोक्योरमेंट के लिए खाली हो जाएंगे और संकट के वक्त में पंजाब की जो संकटमोचन बनने की रिवायत है वो भी बरकरार रहेगी.

सीएम ने कहा कि स्पेशल ट्रेनें लगाकर हमारे गोदाम केंद्र सरकार खाली करवाएं ताकि हमें प्रॉक्योरमेंट की कोई दिक्कत ना आए और खुले में अनाज रखने से नुकसान भी ना हो. क्योंकि मौसम काफी अनप्रिडिक्टेबल हो गया है. हमारे पास 155 लाख मिट्रिक टन अनाज रखने के लिए कवर्ड गोदाम है. हम अपनी सारी गेहूं उसमें रख लेंगे अगर केंद्र सरकार पहले वाला पुराना अनाज उठा लेती है तो.

‘पंजाब में स्थिति बिल्कुल ठीक है’

सीएम ने बताया कि गृहमंत्री भी कल वर्चुअल मीटिंग में मौजूद थे प्रधानमंत्री ने हमें कहा है कि वो हमें सहयोग करेंगे और राज्य जो भी सुझाव देंगे उसको लागू करने का प्रयास किया जाएगा इसलिए हमें और ज्यादा सतर्क रहने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि पंजाब में स्थिति बिल्कुल ठीक है और कोई पैनिक की स्थिति नहीं है. उन्होंने कहा कि मैं पंजाब के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि बिल्कुल घबराने की जरूरत नहीं है कोई रिस्क लेने की जरूरत नहीं है कि आप अपने घर में पेट्रोल-डीजल को स्टोर करके रख लें जिससे कोई हादसा हो सकता है.उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप मालिकों और तेल कंपनियों के साथ हम संपर्क में हैं अगर कोई पेट्रोल पंप वाला आपको कम तेल देता है या ज्यादा तेल स्टोर करने की बात कहता है तो आप हमसे संपर्क करें हमारे जिला और तहसील स्तर के अधिकारी उन पर एक्शन लेंगे.

गेहूं की फसल की लिफ्टिंग करवाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि कल की मीटिंग में हमनें खास तौर पर गेहूं की फसल की लिफ्टिंग करवाने पर जोर दिया है क्योंकि सीसीएल यानी कैश क्रेडिट लिमिट का पैसा तो हमारे पास आ चुका है. हमारे गोदाम से पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन योजना और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत अनाज ले लिया जाए ताकि पंजाब के अनाज से देश के लोगों का पेट भरा जा सके और गेहूं रखने के लिए हमें खाली गोदाम मिल जाएं. उन्होंने कहा कि हमने प्रधानमंत्री से कल की मीटिंग में ये भी आग्रह किया है कि वो इंटरनेशनल लेवल पर ये देखें कि हमारी तो किसी से कोई लड़ाई नहीं है ऐसे में हमारे जो जहाज हैं जो तेल या एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम पदार्थ या गैस ला रहे हैं वो भारत में आसानी से आ सके ताकि सप्लाई चैन में कोई दिक्कत ना आए.

‘पंजाब में पेट्रोल-डीजल और गैस की कोई कमी नहीं’

इसके साथ ही उन्होंने मीडिया से अनुरोध करते हुए कहा कि ब्रेकिंग न्यूज में कोई पैनिक की स्थिति ना फैलाएं. उन्होंने कहा कि पंजाब में पेट्रोल-डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है सारे स्टॉक पर हम नजर रख रहे हैं और गेहूं की इस बार पंजाब में बढ़िया पैदावार होगी और हम खेतों में पूरा पानी भी पहुंचाने का पूरा प्रयास करेंगे ताकि पानी की कोई कमी ना हो. उन्होंने कहा कि पहले केंद्र सरकार द्वारा पंजाब के गोदाम मई-जून तक खाली होते हैं लेकिन देश को अब संकट में अनाज की जरूरत पड़ सकती है इसलिए हमने केंद्र सरकार से कहा है कि गेहूं के प्रोक्योरमेंट से पहले वो पंजाब के गोदामों से अनाज उठा सकते हैं लेकिन हमें भंडारण की कोई समस्या नहीं हो.

सीएम मान ने सहा कि परसों तक हमारे पास एलपीजी की बुकिंग 71000 सिलेंडर की बुकिंग थी उसमें से 69000 पूरी कर दी गई है. सप्लाई में कोई कमी नहीं है लेकिन लोग ज्यादा ऑर्डर करने लगे हैं लेकिन मैं लोगों से कहूंगा कि घबराने की जरूरत नहीं है जितनी जरूरत है उतनी ही एलपीजी के सिलेंडर की स्टोरेज रखें. उन्होंने कहा कि गेहूं का सीजन होने के कारण किसान पेट्रोल-डीजल स्टोरेज करने लग गए इसलिए कुछ पेट्रोल पंप पर लाइनों की स्थिति बनी है लेकिन हमारे पास स्टॉक की कोई कमी नहीं है.

‘एक्साइज ड्यूटी घटाई है जिससे पेट्रोल-डीजल सस्ता होगा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी घटाई है जिससे पेट्रोल-डीजल सस्ता होगा और एक मैसेज भी जाएगा कि मुश्किल वक्त में आप रेट नहीं बढ़ा सकते हम केंद्र सरकार के ड्युटी घटाने का वेलकम करते हैं. उन्होंने कहा कि हमने जनता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है जो जल्द ही पब्लिक को बता दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि हमें कोई दिक्कत नहीं आएगी प्रधानमंत्री ने भी हमें कहा है कि केंद्र सरकार फसलों की कटाई के दौरान पंजाब को कोई दिक्कत नहीं आने देगी.

सीएम ने बताया कि बठिंडा प्लांट और पानीपत रिफायनरी से भी हमें मिलने वाला कोटा बढ़ाया गया है. कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ जो भी शिकायत आएगी उस पर सख्त कार्यवाही की जाएगी. उन्होंने कहा कि अभी स्थिति सामान्य है लेकिन कोई संकट आएगा तो हम देश के साथ खड़े होंगे. उन्होंने कहा कि पंजाब बॉर्डर से जुड़ा स्टेट है तो हमें लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को भी देखना पड़ता है हम हर स्थिति पर नियंत्रण रखेंगे और किसी तरह का कोई पैनिक नहीं है दिक्कत नहीं है.

जनता से अपील करते हुए सीएम मान ने कहा कि आराम के साथ रोजमर्रा के अपने काम करें किसी भी तरह की स्टोरेज करने की जरूरत नहीं है कोई इमरजेंसी की स्थिति नहीं है. उन्होंने कहा कि हम आढ़तियों के साथ संपर्क में हैं, शैलर कंपनियों के साथ संपर्क में है. उन्होंने कहा कि कंबाइन वालों को भी फसल कटाई के लिए तेल काफी चाहिए होगा हम किसी को भी तेल की कमी नहीं आने देंगे.