भिवानी में 4 दिन बारिश का अलर्ट
भिवानी में मौसम विभाग ने 4 सितंबर तक लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश लोहारू खंड में हुई, जहां 50 एमएम बरसात दर्ज की गई। इसके चलते प्रशासन भी अलर्ट पर है।
अधिकारियों को अपने स्टेशन पर बने रहने के निर्देश दिए गए हैं और डीसी ने संबंधित विभागों से कहा है कि वे हर संभव तैयारी रखें, ताकि भारी बारिश से जलभराव और बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटा जा सके।
भिवानी में आगामी दिनों में मौसम की स्थिति के अनुसार, आईएमडी चंडीगढ़ ने 4 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी हवाओं के साथ गरज-चमक और तेज बारिश होने की संभावना है।
जिलेभर में 4 सितंबर तक लगातार बरसात का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि पूरे हरियाणा में भी बारिश का अलर्ट जारी है।
भिवानी में बारिश को लेकर मौसम विभाग की भविष्यवाणी के चलते डीसी साहिल गुप्ता ने पानी निकासी से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपनी-अपनी ड्यूटी पर तैनात रहें और स्टेशन छोड़कर न जाएं।
सभी पानी निकासी मशीनरी चालू हालत में रखी जाए। जिला मुख्यालय के लघु सचिवालय परिसर में कमरा 75 में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका संपर्क नंबर 01664-241077 है, और इस नंबर पर जलभराव से संबंधित सूचना दी जा सकती है।
सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं कि वे संभावित जलभराव क्षेत्र और पानी निकासी के लिए डिस्पोजल प्वाइंट का निरीक्षण स्वयं करें और अपने कार्यालय परिसर में बाढ़ नियंत्रण सूचना केंद्र स्थापित करें।
जनस्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, शहरी स्थानीय निकाय और पंचायत विभाग के अधिकारी नियमित रूप से सभी ड्रेन, नाले और डिस्पोजल पॉइंट का निरीक्षण करें।
आवश्यकता अनुसार वहां पानी निकासी के संसाधन स्थापित किए जाएं। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाओं का स्टॉक रखने और चिकित्सा स्टाफ को अपनी-अपनी ड्यूटी पर तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग और अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।