हरियाणा के 4 जिलों में बारिश-आंधी:50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं
हरियाणा में दोपहर बाद मौसम ने करवट ली है। 4 जिलों में बारिश के साथ आंधी चल रही है। इनमें, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद और महेंद्रगढ़ शामिल है। मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों में तूफान की चेतावनी भी जारी कर दी है। इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके साथ ही राज्य के अधिकांश जिलों में शाम तक तूफान और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से भी राहत मिलने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार आज प्रदेश के 11 जिलों (पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात) में 25-50 फीसदी और 6 जिलों (कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और झज्जर) में 25 फीसदी तक बारिश होने की संभावना है। जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
आगे कैसा रहेगा मौसम आगामी दिनों के मौसम की बात करें तो 1 जून को प्रदेश के 11 जिलों (पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व मेवात) में 25-50 प्रतिशत तथा 6 जिलों (कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक व झज्जर) में 25 प्रतिशत तक बरसात होने की संभावना है।
2 जून को पूरे हरियाणा में बरसात होगी। जिसमें 14 जिलों (पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व मेवात) में 25-50 प्रतिशत व 8 जिलों (जींद, हिसार, रोहतक, झज्जर, पानीपत, सोनीपत, फतेहाबाद व सिरसा) में 25 प्रतिशत तक बरसात की संभावना है।
3 जून को भी पूरे हरियाणा में बरसात होगी। प्रदेश 6 जिलों (जींद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ व रेवाड़ी) में 50-75 प्रतिशत तक बरसात हो सकती है। हरियाणा के 11 जिलों (फतेहाबाद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात व पलवल) में 25-50 प्रतिशत तक बरसात हो सकती है, जबकि 5 जिलों (सिरसा, पानीपत, सोनीपत, रोहतक व झज्जर) में 25 प्रतिशत तक बरसात हो सकती है।