{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Congress Leader Rao Dan Singh Statement: बेरोजगारी और महंगाई से जनता बेहाल, कांग्रेस राज में हरियाणा था विकास में नंबर वन

पूर्व सीपीएस राव दान सिंह ने भिवानी में भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई से हर वर्ग त्रस्त है।
 

भिवानी पहुंचे पूर्व पूर्व सीपीएस राव दान सिंह, भाजपा पर बोला जुबानी हमला

कागजी दावों तक सीमित एमएसपी, बेरोजगारी और महंगाई से जनता बेहाल : राव दान सिंह 

भाजपा राज में हर वर्ग त्रस्त, जनता को याद आ रहा कांग्रेस का स्वर्णिम काल : राव दान सिंह 

भिवानी, 30 अगस्त : स्थानीय मिनी बाईपास स्थित एक नए पेट्रोल पंप के उद्घाटन समारोह में पहुंचे पूर्व सीपीएस एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राव दान सिंह ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर खुलकर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली की कड़े शब्दों में निंदा की और जमकर राजनीतिक बाण चलाए। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राव दान सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की दिशाहीन नीतियों और जनविरोधी फैसलों के कारण आज पूरे प्रदेश में हाहाकार मचा हुआ है। राज्य का हर वर्ग बेहाल और परेशान है।

 पूर्व सीपीएस ने राज्य सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा राज में अन्नदाता सडक़ों पर आंदोलन करने को मजबूर है। फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य और मंडियों की व्यवस्था को लेकर केवल कागजी दावे किए जा रहे है। हरियाणा में बेरोजगारी दर ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। योग्यता रखने के बावजूद राज्य का युवा रोजगार के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। बढ़ती महंगाई, रसोई गैस, बिजली और करों की मार ने गरीब व मध्यम वर्ग का जीना दूभर कर दिया है। छोटे व्यापारी और उद्योग पूरी तरह ठप्प हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अग्निशमन, नगरपालिका कर्मचारी, पटवारी-कानूगो अपनी मांगों को लेकर प्रदेश भर में धरनारत्त है। वही प्रदेश भर में लगे कचरे के ढ़ेरों के कारण महामारी फैलने का भय बना हुआ है। लेकिन फिर भी सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही, जिसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार जल्द से जल्द धरनारत्त कर्मचारियों की मांगें माने, ताकि आमजन को परेशानियां का सामना ना करना पड़े। 

भाजपा सरकार के कुशासन से तुलना करते हुए राव दान सिंह ने कांग्रेस के शासनकाल की उपलब्धियों को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय हरियाणा विकास के मामले में देश का नंबर वन राज्य बना था। हर वर्ग को ध्यान में रखकर नीतियां बनाई गई थीं। कांग्रेस के कार्यकाल में किसानों के कर्ज माफ किए गए, सिंचाई और बिजली की बेहतर व्यवस्था की गई, और भूमि अधिग्रहण कानून में किसानों के हितों की रक्षा की गई। प्रदेश में बड़े-बड़े उद्योग, थर्मल पावर प्लांट, रेलवे नेटवर्क और शैक्षणिक संस्थान कांग्रेस शासन की ही देन हैं।

राव दान सिंह ने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब भाजपा के इस शासनकाल से पूरी तरह ऊब चुकी है और राज्यभर में सरकार के खिलाफ रोष की लहर है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत होती है और आने वाले चुनावों में हरियाणा के लोग भाजपा को सत्ता से बेदखल कर कांग्रेस के सुशासन की वापसी सुनिश्चित करेंगे। इस अवसर पर शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी, ईश्वर शर्मा प्रधान, यादव सभा के प्रधान धर्मबीर यादव, पूर्व सैशन जज राकेश यादव, मामन यादव, देवेंद्र श्योराण, अरूण यादव, शिव कुमार चांगिया, रमेश यादव, योगेंद्र स्वामी, दिनेश कौशिक, डा. जयवीर गोयत, मनदीप सुई, डा. फूल सिंह धनाना, सूबे सिंह सरपंच, बलवंत घणघस, बलबीर सरोहा, विरेंद्र ग्रेवाल, प्रेम शर्मा, शिवकुमार बोस, श्यामलाल चारण, कैप्टन रामहेर जांगड़ा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।