हिसार-गुरुग्राम समेत 10 जिलों में रेड अलर्ट
हरियाणा में आज भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने दोपहर डेढ़ बजे तक 10 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें फतेहाबाद, जींद, हिसार, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद शामिल हैं।
इनमें से गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और जींद में सुबह से तेज बारिश हो रही है। जगह-जगह जलभराव हुआ है। वहीं, बाकी जिलों में मध्यम बारिश जारी है।
इसके अलावा झज्जर, फतेहाबाद, पलवल, नूंह, हिसार और पंचकूला में भी बारिश हो रही है। जबकि, चरखी दादरी, कुरुक्षेत्र, सिरसा आदि जिलों में बादल छाए हुए हैं। कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में बीती रात भी बूंदाबांदी हुई है। वहीं, चरखी दादरी में आज सुबह हल्की बारिश हुई।
पंचकूला में प्रशासन ने नदियों के पास न जाने की एडवाइजरी जारी की है। यहां डायल-112 की भी तैनाती की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में लगातार 3 दिन बारिश के आसार हैं। बारिश का दौर तेज होगा और 15 अगस्त को 11 जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। जबकि, 16 अगस्त को 5 जिलों में अलर्ट है।