हरियाणा पुलिस भर्ती में अभ्यर्थियों को राहत
हरियाणा पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती को लेकर हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह की ओर से आयोजित LIVE सेशन में हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया।
इस सेशन में आयोग के चेयरमैन ने सबसे ज्यादा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए बताया कि जिन बच्चों ने 2024 में रद्द पुलिस भर्ती में आवेदन किया था, उन्हें इस नई भर्ती में ऐज रिलेक्सेशन मिलेगा।
नई भर्ती में आवेदन करने वाले युवाओं का ऐज कैलकुलेशन 1 जनवरी 2026 से होगा। हाइट रिलैक्सेशन को लेकर आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कहा कि सामान्य वर्ग की महिला अभ्यर्थियों की हाइट 158 सेंटीमीटर रखी गई है। वहीं महिला रिजर्व 156 सेंटीमीटर का पैरामीटर आयोग ने रखा है।
दो दिन पहले ही हरियाणा पुलिस भर्ती को लेकर लाइव लिंक जारी करने की जानकारी आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने दी थी। उन्होंने लिखा था कि 11 जनवरी 2026 से हरियाणा पुलिस कॉन्स्टेबल के लिए 5500 पदों पर आवेदन शुरू होने जा रहा है।
हरियाणा कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा में 20 सवाल हरियाणा जनरल नालेज, 10 सवाल कंप्यूटर नॉलेज के रहेंगे। पेपर में जनरल नालेज, जनरल स्टडीज, जनरल साइंस, करेंट अफेयर्स, एग्रीकल्चर, जनरल एप्टीट्यूड, न्यूमेरिकल एबिलिटी, पशुपालन से संबंधित भी सवाल पूछे जाएंगे। पेपर में कुल 100 सवाल आएंगे, जो 94.5 नंबर के होंगे। वहीं पेपर का मोड हिंदी और इंग्लिश दोनों रहेगा।
पुलिस भर्ती में शामिल होने वाले मेल कैंडिडेट के लिए 170 सेंटीमीटर हाइट और 83 सेंटीमीटर चेस्ट की होनी जरूरी है। वहीं रिजर्व कैटेगरी को इसमें में 2-2 सेंटीमीटर की छूट दी गई है। महिलाओं के लिए मिनिमम 158 सेंटीमीटर हाइट मांगी गई है। वहीं इसमें भी रिजर्व कैटेगरी के लिए 2 सेंटीमीटर की छूट है।
पुरूष उम्मीदवारों के लिए 12 मिनट में 2.5 किलोमीटर की दौड़, महिलाओं के लिए 6 मिनट में 1 किलोमीटर की दौड़ पूरी करना जरूरी है। इनके साथ एक्स सर्विसमैन के लिए 5 मिनट में एक किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई है। फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट में फेल युवाओं को आगे के प्रोसेस से बाहर कर दिया जाएगा।