{"vars":{"id": "123258:4912"}}

82 दिन से लापता राजेश की तलाश तेज करने की मुख्यमंत्री से गुहार

 

भिवानी 
स्थानीय जीतू वाला जोहड़ निवासी 27 वर्षीय युवक राजेश का सुराग ना मिलने से परिजन गहरे सदमे में हैं। बीते 29 जून को गांव बामला टोल के पास नंद गार्डन स्वीमिंग पूल में चार दोस्तों के साथ नहाने गए राजेश के लापता होने के बाद से अब तक 82 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन उसे खोजने में नाकाम साबित हुआ है। पुलिस प्रशासन की लापरवाही कार्यप्रणाली से निराश पीडि़त परिवार ने गुरुवार को चंडीगढ़ पहुंचकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की।

राजेश की बहन उषा ने मुख्यमंत्री को पूरी घटना की जानकारी दी और बताया कि 29 जून को उसका भाई दोस्तों के साथ स्वीमिंग पूल गया था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसी समय खरक चौकी पुलिस को शिकायत दी थी। इसके बावजूद 82 दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस की जांच ठप जैसी है और कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। उषा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वे अब तक एसपी, डीसी, मुख्यमंत्री कार्यालय, एससी आयोग और महिला आयोग तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन हर जगह से सिर्फ आश्वासन ही मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस मामले को जानबूझकर उलझा रही है और गंभीरता से जांच नहीं कर रही।

पीडि़त परिवार ने कहा कि पुलिस की लापरवाही के चलते आज तक उनके भाई का कोई पता नहीं चल पाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से विशेष टीम गठित कर निष्पक्ष जांच करवाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक किसी युवक का लापता रहना गहरी चिंता और सवाल खड़े करता है।

 मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग को विशेष टीम बनाकर जल्द से जल्द गुमशुदा युवक की तलाश करने और पूरी निष्पक्षता से जांच करने के निर्देश दिए जाएंगे ताकि परिवार को न्याय मिल सके।