सुविधाओं की कमी पर भड़के डाबर कॉलोनीवासी
भिवानी की डाबर कॉलोनी के पूर्ण खेड़ा वार्ड नंबर 17 के लोगों ने अपनी मूलभूत सुविधाओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि उनके यहां ना तो सड़क डाली गई है और ना ही सप्लाई का पानी आ रहा है। सड़कें ना होने के कारण आने-जाने में दिक्कत है। स्थिति यह है कि वाहन भी नहीं गुजर सकते।
वहीं पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण पीने के पानी के लिए भी तरसना पड़ता है। नौबत यहां तक आ गई है कि उन्हें पीने का पानी करीब दो-ढाई किलोमीटर दूर से सिर पर लेकर आना पड़ता है या फिर पैसों में पानी के टैंकर मंगवाने पड़ते हैं।
कॉलोनी वासी श्याम लाल डालमिया, सत्यनारायण, रेनू व उर्मिला आदि ने कहा कि यहां कॉलोनी में करीब 14-15 साल से रह रहे हैं। लेकिन यहां कई गलियों में सीवर नहीं डाले गए हैं। जिन गलियों में डाले हैं, वहां सफाई नहीं होने के कारण ओवरफ्लो रहते हैं। बार-बार अधिकारियों व नेताओं के यहां गुहार लगाने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो पाता।
साथ ही लोगों ने कहा कि उनके यहां बिजली निगम द्वारा एक ट्रांसफॉर्मर लगाया गया था। इस पर पिछले दिनों आग लग गई थी। वहीं इस ट्रांसफॉर्मर पर बिजली कट करने का हैंडर तक दुरुस्त नहीं है। जिसके कारण वे बिजली कट भी नहीं कर पाए। इसे बिजली निगम द्वारा ठीक तक नहीं किया गया।