{"vars":{"id": "123258:4912"}}

अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गरजे रिटायर्ड कर्मचारी, प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन 

 

भिवानी:

अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के आह्वान पर रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा भिवानी की जिला इकाई ने बुधवार को भिवानी उपायुक्त कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान नरेश शर्मा ने की तथा संचालन जिला सचिव राजबीर कादयान ने किया। बैठक में राज्य उपप्रधान ओमप्रकाश सैनी तथा राज्य के मुख्य सलाहकार व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के पूर्व प्रधान मास्टर शेर सिंह विशेष रूप से उपस्थित हुए।
      रिटायर्ड कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिला प्रधान नरेश शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार ने 25 मार्च 2025 को लोकसभा व राज्यसभा में पेंशन वित्त विधेयक पास करवा लिया है।

विधेयक के अनुसार 31 दिसंबर 2025 तक सेवानिवृत होने वाले कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग के लाभ व सुविधा से वंचित रहेंगे। अब केंद्र सरकार 8वें वेतन आयोग में पेंशन रिवीजन निर्धारण करने में आनाकानी कर रही है तथा केंद्र सरकार पैंशन कोष के दस लाख करोड़ रुपए को भी पूंजीपतियों को देने जा रही हैं।

जबकि माननीय उच्चतम न्यायालय ने 1982 में फैसला दिया था कि पेंशन भीख नहीं कर्मचारी का हक है।
     पेंशनर्स को संबोधित करते हुए रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रांतीय उपप्रधान ओमप्रकाश सैनी ने कहा कि केन्द्र सरकार पैंशन वित्त विधेयक 2025 को वापिस ले अन्यथा अखिल भारतीय राज्य सरकारी पैंशनर्ज फेडरेशन बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होगा।। राज्य उपप्रधान ने बताया कि अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स महासंघ का द्वितीय राष्ट्रीय सम्मेलन 22-23 फरवरी 2026 को कुरुक्षेत्र किया जाएगा तथा नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा तथा आगामी आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
     धरना को संबोधित करते हुए प्रांतीय मुख्य सलाहकार मास्टर शेर सिंह ने कहा कि सरकार रिटायर कर्मचारियों की लम्बित मांगो जैसे 65 वर्ष होने पर 10 प्रतिशत तथा 75 वर्ष होने पर 20 प्रतिशत की मूल वेतन में वृद्धि की जाए, कम्यूटेशन राशि की कटौती 15 साल की बजाय 12 साल की जाएं, कैशलेस मेडिकल सुविधा दी जाएं और मेडिकल भता 3 हजार रूपये दिया जाए,आदि को लागू करे।
     धरना में जिला उपप्रधान रामचंद्र सैनी, जिला प्रेस सचिव अनिल मुंजाल, सह सचिव महावीर शर्मा, संगठन सचिव फूल सिंह, आडिटर निर्मल कुमार, जिला कार्यकारिणी की सदस्य  शकुंतला, आजाद ढांडा, महेंद्र कुमार, भिवानी खंड के प्रधान के प्रधान फतेह सिंह, सिवानी खंड के प्रधान उमराव सिंह, कैरु खंड के प्रधान धर्मवीर सिंह, बवानीखेड़ा के प्रधान संतु सिंह, तोशाम खंड के प्रधान अभय सिंह, बहल खंड के उपप्रधान सतबीर सिंह, किसान सभा के उपप्रधान कामरेड ओमप्रकाश, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा भिवानी के प्रधान सुमेर आर्य, सीटू भिवानी के जिला सचिव अनिल कुमार, आंगनबाड़ी यूनियन की जिला सचिव राजबाला शर्मा, सज्जन सिंगला एक्सईन, बलबीर सिंह सराहा पूर्व जी एम आदि नेताओं ने भी संबोधित किया।