Haryana Police Action: रेवाड़ी में दो महीने में पांचवीं बड़ी कार्रवाई, टैंकरों से तेल चोरी करने वाले रैकेट का भंडाफोड़
रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे के पास क्राइम ब्रांच ने छापेमारी कर 2200 लीटर अवैध पेट्रोल और थिनर जब्त किया है। तेल चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
रेवाड़ी। शनिवार को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव खिजूरी के समीप क्राइम ब्रांच की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से करीब 2200 लीटर अवैध पेट्रोल और थिनर बरामद किया। जांच में तेल से भरे 11 ड्रम और 5 खाली ड्रम मिले हैं। इसके साथ ही अवैध कारोबार में इस्तेमाल होने वाली दो पिकअप गाड़ियां, दो मोटर और पाइप भी पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। तेल के इस अवैध कारोबार के खिलाफ पिछले दो महीने के भीतर पुलिस द्वारा की जाने वाली यह पांचवीं बड़ी कार्रवाई है, हालांकि पुलिस को देख मौके पर मौजूद आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए।
🔍 टैंकर चालकों से सांठगांठ कर चल रहा था खेल: पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की फरार आरोपियों की तलाश
क्राइम ब्रांच प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि हाईवे पर अवैध रूप से टैंकरों से तेल निकालकर बेचने का काला कारोबार चल रहा है। करनावास स्थित तेल डिपो से निकलने वाले टैंकरों के चालकों से सांठगांठ कर तेल चोरी किए जाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। यह तेल माफिया टैंकरों से पेट्रोल और डीजल निकालकर राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में खपाते थे। पुलिस ने सभी साक्ष्यों और जप्त सामान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार तस्करों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।