रेवाड़ी: स्वास्थ्य मंत्री के कार्यक्रम में पार्षदों के बीच धक्का-मुक्की, वीडियो वायरल
रेवाड़ी में विकास ग्रांट वितरण बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के जन्मदिन पर पार्षदों के बीच हुई नोकझोंक। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ विवाद का वीडियो।
रेवाड़ी : प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के जन्मदिन पर आयोजित केक कटिंग कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद के पार्षदों के बीच विवाद हो गया। जिला परिषद की बैठक समाप्त होने के बाद हुए इस घटनाक्रम में कुछ पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की भी हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिला परिषद की बैठक करीब 6.30 करोड़ रुपये की विकास ग्रांट के वितरण को लेकर आयोजित की गई थी। बैठक समाप्त होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के जन्मदिन के अवसर पर केक काटने का कार्यक्रम रखा गया था। इसी दौरान मंच के सामने खड़े होने को लेकर दो पार्षदों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। वायरल वीडियो में एक पार्षद दूसरे को धक्का देते हुए दिखाई दे रहा है।
मौके पर मौजूद अन्य पार्षदों और लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद मामला शांत हुआ और कार्यक्रम आगे बढ़ सका। जिला प्रमुख मनोज यादव ने बताया कि विवाद केवल आगे-पीछे खड़े होने की बात को लेकर हुआ था, जिसे मौके पर ही शांत करा दिया गया। वहीं, प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि विकास ग्रांट के वितरण को लेकर कुछ पार्षद पहले से ही असंतुष्ट थे।
माना जा रहा है कि यही नाराजगी केक कटिंग के दौरान हुए मामूली विवाद के साथ सामने आ गई। जन्मदिन जैसे सौहार्दपूर्ण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के बीच हुई इस नोकझोंक और धक्का-मुक्की ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।