{"vars":{"id": "123258:4912"}}

मॉडल संस्कृति स्कूल भिवानी के रोहित ने जीता स्वर्ण 

 

भिवानी:

स्थानीय राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय के छात्र रोहित ने 58वीं राज्य स्तरीय स्कूली प्रतियोगिता में अपनी असाधारण प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर स्कूल और जिला का नाम रोशन किया है।

यह प्रतियोगिता 8 से 10 सितंबर तक पानीपत में आयोजित की गई थी, जिसमें रोहित ने कुश्ती के फ्री स्टाइल पुरुष वर्ग में 71 किलोग्राम भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की।

इस शानदार जीत के साथ ही रोहित का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी हो गया है, जो अगले महीने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयोजित होगी। रोहित की इस अभूतपूर्व सफलता पर पूरे स्कूल में खुशी का माहौल है। बुधवार को जब रोहित स्कूल पहुंचे, तो प्रार्थना सभा में उनका भव्य स्वागत किया गया।

स्कूल की प्राचार्या सविता घणघस के नेतृत्व में समस्त स्कूल स्टाफ सदस्यों ने स्वर्ण पदक विजेता रोहित को माला-पहनाकर सम्मानित किया और उसकी शानदार जीत पर बधाई दी। प्राचार्या सविता घण्घस ने कहा कि रोहित ने ना केवल विद्यालय, बल्कि अपने परिजनों और क्षेत्रवासियों का भी नाम रोशन किया है।

उन्होंने रोहित के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हमारे छात्र खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने रोहित के खेल में दिए गए योगदान के लिए शारीरिक शिक्षक सुधीर मलिक डीपीई, प्रवक्ता मदन गोपाल और प्रवक्ता पवन कुमार को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने रोहित को प्रशिक्षण दिया और उसे इस मुकाम तक पहुंचने में मदद की। प्राचार्या ने कहा कि यह जीत सिर्फ एक पदक नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत, समर्पण और अनुशासन का परिणाम है।

उन्होंने विश्वास जताया कि रोहित राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करेगा और देश के लिए गौरव लाएगा। इस अवसर पर स्कूल के अन्य स्टाफ सदस्य, जिसमें राकेश, रोहित, सुमन पूनिया, सीमा बजाज और सुशीला भोरिय सहित समस्त स्टाफ सदस्यों ने रोहित को उसकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।