{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Rohtak Brahmanwas Fire Accident: अनियंत्रित होकर पलटी कार और धू-धू कर जली, सोनीपत के युवक की दर्दनाक मौत

रोहतक के गांव ब्राह्मणवास के पास टायर फटने से कार बेकाबू होकर पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसे में सोनीपत के हरिओम की मौत।
 

रोहतक : रोहतक के गांव ब्राह्मणवास के पास देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां टायर फटने के बाद एक कार बेकाबू होकर पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसे में कार चला रहे युवक की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सोनीपत के गांव मोई हुडा निवासी हरिओम के रुप में हुई है। हरिओम अपनी फॉक्सवैगन कार से रोहतक आया हुआ था। सफर के दौरान अचानक चलती कार का टायर फट गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें आग लग गई। जान बचाने के लिए शख्स बाहर निकला तो सिर के बल जमीन पर गिर गया। जिस कारण गंभीर चोट लगने से शख्स की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।