साहिल दुहन का हॉकी इंडिया सब-जूनियर इंडिया कैंप में चयन
भिवानी:
कहते हैं कि अगर हौसलों में उड़ान हो और इरादे फौलादी हों, तो छोटी उम्र में भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं। जिला के गांव प्रेमनगर के उभरते हुए हॉकी खिलाड़ी साहिल दुहन ने इस बात को सच कर दिखाया है।
साहिल का चयन भोपाल में आयोजित होने वाले अंडर-16 सब जूनियर इंडिया कैंप के लिए हुआ है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। साहिल की इस सफलता की नींव वर्ष 2019 में ही रख दी गई थी। मात्र 9 वर्ष की आयु में, जब बच्चे खेल-खिलौनों से मोह नहीं छोड़ पाते, तब साहिल ने गांव प्रेमनगर की खेल नर्सरी में हॉकी स्टिक थाम ली थी।
खेल के प्रति यह जुनून उन्हें विरासत में मिला है। उनके पिता मनजीत सिंह स्वयं एक नेशनल खिलाड़ी रह चुके हैं और उन्होंने हमेशा साहिल को खेल की बारीकियों और अनुशासन के लिए प्रेरित किया। साहिल की इस प्रतिभा को तराशने का श्रेय उनके कोच टिंकू दुहन को जाता है। कोच टिंकू दुहन की देखरेख में साहिल पिछले कई वर्षों से कड़ी मेहनत और पसीना बहा रहे हैं। कोच राजकुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि साहिल का चयन उनकी उत्कृष्ट तकनीक और मैदान पर गजब की फुर्ती को देखते हुए किया गया है।
19 से 25 अप्रैल तक भोपाल में आयोजित होने वाले इस कैंप में साहिल देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाडिय़ों के साथ अभ्यास करेंगे और भारतीय हॉकी के भविष्य के रूप में अपनी दावेदारी मजबूत करेंगे।
साहिल की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही गांव प्रेमनगर में खुशी की लहर दौड़ गई। युवा क्लब प्रेमनगर और गांव की पंचायत ने इस होनहार खिलाड़ी को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों का कहना है कि साहिल की यह सफलता गांव के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। कोच राजकुमार ने बताया कि साहिल की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे प्रेमनगर और हरियाणा की जीत है। हमें विश्वास है कि वह एक दिन ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर देश का नाम रोशन करेगा।