सैनी कल्याण परिषद की मानवता की सेवा की पहल, 20 ने किया रक्तदान तो 10 ने भरे नेत्रदान के फॉर्म
किसी मरते हुए व्यक्ति के लिए जीवन की आखिरी उम्मीद है रक्तदान : डा. मोनिका सांगवान
जीवन के विशेष अवसरों को रक्तदान करके मनाना चाहिए : प्रधान भूप सिंह सैनी
भिवानी, 03 मई : तेरा तुझको अर्पण के भाव और महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह के आदर्शों को जीवंत रखते हुए सैनी कल्याण परिषद द्वारा रविवार को एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल के ब्लड बैंक में आयोजित इस शिविर में ना केवल रक्त की बूंदों से जीवन बचाने का संकल्प लिया गया, बल्कि नेत्रदान के माध्यम से मरणोपरांत दुनिया को रोशन करने की नई राह भी दिखाई गई। इस दौरान शिविर में 20 लोगों ने रक्तदान किया तथा 10 ने नेत्रदान का संकल्प लिया और पंजीकरण फॉर्म भरे। इस दौरान रक्त प्रभारी ओमप्रकाश सैनी की माता ने भी देहदान का संकल्प लिया। इस दौरान सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची डा. मोनिका सांगवान ने युवाओं और रक्तदाताओं को संबोधित करते हुए इसे मानवता का सर्वोच्च कार्य बताया। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि यह किसी मरते हुए व्यक्ति के लिए जीवन की आखिरी उम्मीद है। अक्सर गर्मियों के मौसम में ऐच्छिक रक्तदान कम हो जाता है, जिससे थैलेसीमिया, दुर्घटनाग्रस्त मरीजों और गर्भवती महिलाओं के लिए संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे समय में सैनी कल्याण परिषद की यह पहल एक संजीवनी की तरह है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों को रक्तदान करके मनाएं।
सैनी कल्याण परिषद के प्रधान भूप सिंह सैनी व उपप्रधान ओमप्रकाश सैनी ने कहा कि शहीद भगत सिंह ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, हम उनके पदचिन्हों पर चलते हुए कम से कम अपना रक्त तो दान कर ही सकते हैं। उन्होंने कहा कि परिषद का लक्ष्य केवल यूनिट एकत्र करना नहीं है, बल्कि समाज में यह संदेश फैलाना है कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। परिषद के रक्त प्रभारी ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि उन्हे सूचना मिली थी कि नागरिक अस्पताल के रक्तकोष में रक्त की कमी है तथा रक्त की कमी की पूर्ति करने के लिए परिषद द्वारा यह शिविर लगाया गया। ब्लड बैंक प्रभारी डा. रोहित व डा. हर्षित कुमारी बताया ने बताया सैनी कल्याण परिषद हर वक्त रक्तदान के लिए तैयार रहती है, जो कि एक सराहनीय सोच है।
शिविर के सफल आयोजन में डा. रोहित, शुभम, गुंजन, लैब टैक्रीशियन कृष्ण देवी, काउंसर शर्मिला का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर परिषद के मुख्य सलाहकार बीर सिंह सैनी, संगठन सचिव सुभाष चंद सैनी, सलाहकार रमेश सैनी ढ़ाणा रोड़, मनीष सैनी, सह सचिव बलवंत सैनी, वरिष्ठ उपप्रधान आजाद सैनी व रक्तदाता सोनू सैनी, सुनील सैनी, शशीकांत शर्मा, हर्ष सैनी, आशीष कुमार, मुकेश, सुनील, श्याम सुंदर, आशीष कुमार, महेंद्र, मनोज सैनी भी मौजूद रहे।