{"vars":{"id": "123258:4912"}}

अखिल भारतीय खटीक समाज के दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बने समीर खटीक, समाज के सर्वांगीण विकास और युवा सशक्तिकरण का लिया संकल्प
 

समीर खटीक फिर बने अखिल भारतीय खटीक समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष। राष्ट्रीय नेतृत्व ने जताया भरोसा। युवाओं को संगठित करने और कुरीतियों को मिटाने का लिया संकल्प।

 
भिवानी, 08 मई : अखिल भारतीय खटीक समाज में एक बार फिर नेतृत्व की कमान समीर खटीक के हाथों में सौंपी गई है। संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने उनके पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों और समाज के प्रति अटूट निष्ठा को देखते हुए समीर खटीक को दूसरी बार हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष के महत्वपूर्ण पद पर मनोनीत किया है। इस बड़ी जिम्मेदारी के बाद प्रदेश अध्यक्ष समीर खटीक ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष 
मुंशीरामपाल, प्रधान राष्ट्रीय महासचिव अनिल सोनकर शास्त्री सहि तशीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिस भरोसे के साथ उन्हें यह दायित्व मिला है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर समीर खटीक ने समाज के भविष्य की रूपरेखा साझा की। उन्होंने विशेष रूप से युवा शक्ति को समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार बताया। उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य समाज के युवाओं को संगठित करना और उन्हें सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक करना है। जब युवा जागरूक होंगे, तभी वे शिक्षित होकर देश की तरक्की में अपनी और समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर पाएंगे। समीर खटीक ने आगामी कार्यकाल के लिए अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि समाज में व्याप्त पुरानी कुरीतियों और बुराइयों को जड़ से मिटाने के लिए जागरूकता अभियान चलाना, समाज के आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करना और युवाओं के लिए कौशल विकास के अवसर तलाशना, खटीक समाज के प्रत्येक व्यक्ति को संगठन के साथ जोडऩा ताकि समाज की आवाज को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाना तथा समाज के हर वर्ग को इस प्रकार सशक्त करना कि वे भारत की जीडीपी और सामाजिक ढांचे में अपना गौरवशाली योगदान दे सकें, आदि रहेंगी।