Sewa Sankalp Abhiyan Bhiwani: भिवानी में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता अभियान, एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने संभाली कमान
सेवा संकल्प अभियान
एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने पहाड़ी गांव के स्कूल में संभाली स्वच्छता की कमान
विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव पहाड़ी, मिलकपुर, चांग और तोशाम के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में चलाया गया सफाई अभियान
भिवानी, 20 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा गांव पहाड़ी, मिलकपुर, चांग और तोशाम के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक परिसरों में ग्रामीणों, विद्यार्थियों व युवाओं की मदद से सफाई अभियान चलाया गया। एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने गांव पहाड़ी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्ममिक स्कूल में स्वच्छता की कमान संभाली और ग्रामीणों व युवाओं के साथ स्कूल परिसर में सफाई की। यहां पर सफाई के प्रति हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिस पर एडीसी ने अपने हस्ताक्षर कर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे स्कूल परिसर के साथ-साथ अपने आसपास परिवेश में स्वच्छता बनाए रखें। अपने गांव को सुंदर व स्वच्छ रखें।
एडीसी श्री करवा ने अपना संदेश देते हुए कहा कि जीवन में स्वच्छता का बहुत महत्व है। स्वच्छता अपनाने से हम अनेक प्रकार की बीमारियों से दूर रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि गांव को स्वच्छ व सुंदर बनाना ग्रामीणों पर निर्भर करता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति सफाई में योगदान करें। गांव के गणमान्य व प्रबुद्ध लोगों को सफाई अभियान में आगे आना चाहिए।
वहीं दूसरी ओर जिला परिषद के डिप्टी सीईओ रविंद्र दलाल मिलकपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहुंचे। वहां उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके साथ-साथ डीडीपीओ सोमबीर दलाल ने चांग स्कूल परिसर से कूड़ा-कचरा उठवाया। उन्होंने ग्रामीणों व युवाओं को स्कूल परिसर को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर मंदिर की तरह होता है, इसे साफ व स्वच्छ रखना जरूरी है। बच्चों को बेहतर माहौल प्रदान करना जरूरी है। इसी प्रकार से स्वच्छ भारत मिशन के जिला संयोजक सतीश नेहरा ने तोशाम स्कूल में सफाई करवाई।