{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Sewa Sankalp Abhiyan Haryana: पूर्व मंत्री जेपी दलाल ने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान का संदेश घर-घर पहुंचाने का किया आह्वान

पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने लोहारू में कार्यकर्ताओं को सेवा संकल्प अभियान और 4 अक्टूबर को होने वाले अभिनंदन समारोह की दी जानकारी।
 

सेवा संकल्प अभियान से जनभागीदारी, सेवा और सुशासन का संदेश घर-घर पहुंचाएं कार्यकर्ता : पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल

4 अक्टूबर को बहल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के अभिनंदन समारोह में बड़ी संख्या में जुटेंगे कार्यकर्ता

लोहारू/बहल, 20 सितंबर। प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने रविवार को लोहारू स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठकों को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जनसेवा, जनभागीदारी और सुशासन का संदेश आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

जेपी दलाल ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा, सहयोग, जागरूकता, जनभागीदारी और विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य आमजन को सेवा गतिविधियों से जोड़ना तथा पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के बीच जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक बनाया जा सकता है।

4 अक्टूबर को बहल में होगा प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन समारोह

पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने बताया कि 4 अक्टूबर को बहल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समारोह में लोहारू विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आमजन भाग लेंगे। इस अवसर पर क्षेत्र के किसानों की समस्याओं सहित विभिन्न स्थानीय मुद्दों से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत करवाया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा अधिक से अधिक लोगों को समारोह से जोड़ने का आह्वान किया।

विकास और जनकल्याण को लेकर सरकार की योजनाओं की दी जानकारी

जेपी दलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में बुनियादी ढांचे, अर्थव्यवस्था, रक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है तथा भारत की वैश्विक साख में निरंतर वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनकल्याण और विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। भाजपा अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। गरीब, मजदूर, किसान, महिला और युवा सहित समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

पूर्व कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कृषि क्षेत्र में विभिन्न कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी साझा करने तथा पात्र किसानों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

विभिन्न गांवों में सामाजिक कार्यक्रमों में हुए शामिल

पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने रविवार को लोहारू, ढाणी ढोला, ढाणी टोडा, सिंघानी, पहाड़ी, बहल तथा गरवा सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया और वहां आयोजित सामाजिक एवं अन्य कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने लोगों से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर बातचीत की तथा सामाजिक कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता दर्ज करवाई।

इस अवसर पर भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।