{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bwani Khera News: सेवा सेतु कैंप में परिवार पहचान पत्र और सरकारी योजनाओं की मिली जानकारी, चेयरमैन शीला रानी ने किया निरीक्षण

बवानीखेड़ा के बीडीपीओ कार्यालय में सेवा सेतु शिविर का आयोजन। 19 विभागों की स्टॉल लगाकर दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी।
 

सेवा सेतु शिविर जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का सशक्त माध्यम  

26 सितंबर को भी लगेगा सेवा सेतु शिविर 

बवानीखेड़ा, 25 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बवानीखेड़ा के बीडीपीओ कार्यालय में आयोजित सेवा सेतु कैंप आयोजित हुआ। कैंप में पंचायत समिति चेयरमैन शीला रानी व बीडीपीओ सतेन्द्र सिंह बैनीवाल मुख्य रूप से पहुंचे। उन्होंने सेवा सेतु कैंप में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉलों पर मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने नागरिकों का आह्वïान किया है कि वे अधिक से अधिक सेवा सेतु शिविरों में पहुंचकर लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत गरीबों के उत्थान के लिए लगाए जा रहे सेवा सेतु शिविरों का जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।  

कैंप में करीब 19 विभागों द्वारा स्टॉल, हेल्प डेस्क एवं काउंसलिंग टेबल लगाए गए, जहां नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लोगों के आवेदन करवाया गया। काउंसलिंग टेबल पर सबसे पहले लोगों द्वारा अपनाए जाने वाले रोजगार के बारे में पूछा गया और फिर उनकी पात्रता के अनुसार संबंधित विभाग की स्टॉल पर भेजकर योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

स्टॉलों के माध्यम से क्रीड द्वारा परिवार पहचान पत्र, हरियाणा कौशल विकास मिशन, हरियाणा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, रोजगार विभाग, पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि), विकसित भारत-जी राम जी योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, दीन दयाल उपाध्याय योजना, जिला समाज कल्याण विभाग व जिला कल्याण विभाग, रेडक्रॉस सोसायटी, हरियाणा ग्रामीण बैंक, जिला उद्योग केंद्र एवं एमएसएमई, जिला बाल कल्याण परिषद, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कोऑपरेटिव लिमिटेड, वीटा डेयरी, पशु पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा मत्स्य विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉलों के माध्यम से अपनी सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी दी।

इस दौरान एसईपीओ अंकिता, लेखाकार पुरूषोतम राठोर, जयदीप, सतीश गिल   सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।