Sewa Setu Shivir Bhiwani: सेवा सेतु शिविरों का जरूरतमंदों को मिल रहा सीधा लाभ, विधायक घनश्याम सर्राफ ने किया स्टॉलों का निरीक्षण
सेवा सेतू शिविरों का जरूरतमंद लोगों को रहा है सीधा लाभ : घनश्याम सर्राफ
विधायक घनश्याम सर्राफ ने सेवा सेतू शिविर में किया स्टॉलों का निरीक्षण
विभिन्न विभागों ने नगर परिषद में आयोजित सेवा सेतु कैंप में लोगों को दी सरकार की योजनाओं व सेवाओं की जानकारी
भिवानी, 24 सितंबर। विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि गरीबों के उत्थान के लिए लगाए जा रहे सेवा सेतु शिविरों का जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत अयोजित सेवा सेतु कैंप एवं मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेलों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। विभिन्न विभागों द्वारा एक ही छत के नीचे योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से जानकारी देकर पात्र व्यक्तियों का आवेदन करवा कर लाभ दिया जा रहा है। नागरिक इन शिविरों का लाभ उठाएं। विधायक श्री सर्राफ वीरवार को नगर परिषद परिसर भिवानी में सेवा सेतु कैंप में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई स्टॉलों का निरीक्षण के दौरान अपना संदेश दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे का कार्य कर रही है। सेवा संकल्प अभियान केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों तक सरकार की योजनाओं और सुविधाओं को सीधे पहुंचाने का संकल्प है।
विधायक ने सेवा सेतू में अलग-अलग विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों पर जाकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी जरूरतमंद लोगों को मार्गदर्शन करें तााकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें। शिविर में जनता से सीधे तौर पर जुड़े करीब 19 विभागों ने स्टॉलों, हेल्प डेस्क एवं काउंसलिंग टेबल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी व लाभ प्रदान किया।
इस दौरान नगर परिषद ईओ राजाराम, समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र कुमार, सफाई निरीक्षक, विकास देशवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।