Chaudhary Bansi Lal University News: सीबीएलयू में शहीद भगत सिंह को किया गया नमन, विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
सीबीएलयू में धूमधाम से मनाई गई शहीद-ए-आजम भगत सिंह जयंती, विद्यार्थियों ने देशभक्ति प्रस्तुति देकर बांधा समां
भिवानी, 28 सितम्बर। चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी में शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की यूथ वेलफेयर कमेटी के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान को याद करते हुए उनके विचारों और देशभक्ति को नमन किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने कहा कि शहीद भगत सिंह केवल एक क्रांतिकारी नहीं, बल्कि एक विचार हैं। उनका साहस, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है। उन्होंने कहा कि युवाओं को भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलकर शिक्षा, समानता और राष्ट्र निर्माण एवं समाज कल्याण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि शहीद भगत सिंह जैसे महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य युवाओं को उनके आदर्शों से जोड़ना है। विश्वविद्यालय समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का प्रयास करता रहेगा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, कविताओं और भाषणों से समां बांध दिया। "मेरा रंग दे बसंती चोला" और "सरफरोशी की तमन्ना" जैसे गीतों पर प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। विद्यार्थियों ने भगत सिंह के जीवन, उनके क्रांतिकारी विचारों और युवाओं के लिए उनकी प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में डॉ. आशा पूनिया, डॉ. सोनल शेखावत, डॉ. नवीन, पीआरओ कोऑर्डिनेटर ऋषि शर्मा, वीएम बेचैन, राकेश यादव सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और शहीदों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया।