चरखी दादरी: कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी का एक्शन, 15 जून तक पूरा होगा बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी का काम
कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने किया बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी का औचक निरीक्षण। ₹41.30 करोड़ की परियोजना से 35 गांवों को मिलेगा लाभ। 15 जून तक कार्य पूरा करने के निर्देश।
चरखी दादरी : हरियाणा की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी रीमॉडलिंग परियोजना का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आरडी 66700 तक आरसीसी पाइपलाइन का कार्य 15 जून तक हर हाल में पूरा किया जाए।
41.30 करोड़ रुपये की लागत से चल रही यह परियोजना चरखी दादरी शहर सहित 35 गांवों के करीब 2.30 लाख लोगों की पेयजल एवं सिंचाई व्यवस्था को स्थायी मजबूती देगी।
परियोजना पूरी होने से किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा, बढ़ी हुई फसल उत्पादकता और जल संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।
वन विभाग से जुड़े लंबित कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि जनता को इस महत्वपूर्ण परियोजना का लाभ समय पर मिल सके।
कैबिनेट मंत्री ने दादरी हल्के के चरखी गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा बच्चों के पोषण, शिक्षा एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दक्षिण हरियाणा की नहरी पानी व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की गई।
बैठक में नहरी परियोजनाओं, जल वितरण व्यवस्था और अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी पहुंचाने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
श्रुति चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के समय तैयार किए गए वाटर चैनलों के सुनहरे दिन अब दोबारा लौटेंगे।
लंबे समय से लंबित नहरी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए।
दक्षिण हरियाणा के अंतिम छोर तक पर्याप्त नहरी पानी पहुंचाने के लिए सरकार द्वारा मजबूत और स्थायी प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
जलघरों में निर्बाध जलापूर्ति बनाए रखने के लिए अधिकारियों को उच्च क्षमता वाली मोटरें उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए श्रुति चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की रणनीतिक टीम को भाजपा के लगातार बढ़ते जनाधार और कई राज्यों में सरकार बनाने का सबसे बड़ा श्रेय बताया।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक बढ़त के बाद अब पंजाब समेत अन्य राज्यों में भी भाजपा नई राजनीतिक इबारत लिखने जा रही है।
श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और भाजपा संगठन की बूथ स्तर तक की मेहनत का असर पूरे देश में दिखाई दे रहा है।
जनता ने भय, तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति से ऊपर उठकर भाजपा की राष्ट्रवादी नीतियों और विकास मॉडल पर भरोसा जताया है।