{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा: श्रुति चौधरी ने दी भिवानी को ₹4.19 करोड़ की स्वास्थ्य सौगात

पंचकूला में ₹100 करोड़ की स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ। मंत्री श्रुति चौधरी ने भिवानी के लिए ₹4.19 करोड़ के नए स्वास्थ्य केंद्रों और BPHU की सौगात पर जताया आभार।

 

पंचकूला।
हरियाणा की सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी आज पंचकूला में आयोजित स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न जनहितकारी स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर श्रुति चौधरी ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे ये प्रयास ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं को और अधिक मजबूत करेंगे।

उन्होंने भिवानी जिले को 4.19 करोड़ रुपये की लागत से नए स्वास्थ्य केंद्रों एवं बीपीएचयू (BPHU) की सौगात मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष मजबूती मिलेगी।

श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को सस्ती, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और स्वास्थ्य ढांचे को निरंतर मजबूत बनाया जा रहा है।