{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी पहुंचे सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर का भव्य स्वागत 

 

भिवानी :

भिवानी स्थित चौ. बंसीलाल हवाई पट्टी पर शनिवार को सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर का भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। राज्यपाल माथुर बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय अस्थल बोहर रोहतक में आयोजित संजीवनी संगम-2025 पूर्व छात्र सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने के लिए जयपुर एयरपोर्ट से चार्टर्ड फ्लाइट से भिवानी पहुंचे।

इस दौरान शनिवार सुबह भिवानी एयर स्ट्रिप पर उनके आगमन पर स्थानीय जोगीवाला शिव मंदिर के महंत वेदनाथ महाराज ने उनका अभिनंदन किया। महंत वेदनाथ महाराज ने राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर का फूलों के गुलदस्ते, मालाएं पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत व सम्मान किया।

इस अवसर पर उनके साथ राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा भी मौजूद थे, जिनका भी अभिनंदन किया गया। महंत वेदनाथ महाराज ने इस क्षण पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का क्षण है कि अस्थल बोहर जाने के दौरान छोटी काशी भिवानी में राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर जैसे दूरदर्शी नेता का अभिनंदन हो रहा है। उनका नेतृत्व और अनुभव देश और समाज के लिए प्रेरणादायक है।

महंत वेदनाथ महाराज ने बताया कि यह कार्यक्रम सन 1957 से संचालित बाबा मस्तनाथ आयुर्वेदिक कॉलेज से दीक्षित पूर्व छात्रों के सम्मान में आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान एक मनोहारी दृश्य तब दिखा जब हरियाणवी वेशभूषा पहनी सैनिक हाई स्कूल विद्या नगर की छात्राओं ने राज्यपाल को तिलक लगाकर उनका स्वागत-सत्कार किया। इस सम्मान कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर अनेक गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे, जिनमें प्रदीप नाथ, विनोद मिर्ग, भानू यादव, डा. विनोद अंचल, डा. आरबी गोयल, डा. राजेश शर्मा, प्रेम धमीजा, एडवोकेट कमल आचार्य, एडवोकेट मंदीप गोदारा, राजेंद्र कोच, मयूर जांगड़ा, अमन टुटेजा, हरीश भुटानी, सुरेश गाड्डी, राजकुमार जावा आदि शामिल थे। राज्यपाल माथुर इसके बाद रोहतक के लिए प्रस्थान कर गए।