{"vars":{"id": "123258:4912"}}

- सिवानी में 17 जून के ‘खादी रोजगार उत्सव’ कार्यक्रम की तैयारियां शुरु
 

- मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी होंगे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि
- केवीआईसी अध्यक्ष मनोज गोयल, पूर्व मंत्री जेपी दलाल और डीसी साहिल गुप्ता ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ स्कूल परिसर का किया दौरा
- कार्यक्रम को भव्य बनाने के अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
 
सिवानी/भिवानी, 05 जून। कस्बा सिवानी स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 17 जून को प्रस्तावित ‘खादी रोजगार उत्सव’ के प्रबंधों को लेकर केवीआईसी अध्यक्ष मनोज गोयल, पूर्व मंत्री जेपी दलाल और डीसी साहिल गुप्ता ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ स्कूल परिसर का दौरा किया। उन्होंने यहां पर मंच, पंडाल और वाहन पार्किंग आदि की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। ‘खादी रोजगार उत्सव’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं।
 मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के दौरान केवीआईसी अध्यक्ष मनोज गोयल और पूर्व मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा खादी को निरंतर बढावा देकर ग्रामीण अंचल तक अधिक से अधिक विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खादी भारतीय संस्कृति की पहचान है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
केवीआईसी अध्यक्ष श्री गोयल ने बताया कि ‘खादी रोजगार उत्सव’ का उद्देश्य ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहन देकर स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ाना तथा कारीगरों को आधुनिक तकनीक एवं उपकरणों से सशक्त बनाना है। यह कार्यक्रम न केवल सिवानी बल्कि देशभर के खादी से संबंधित कारीगरों के जीवन उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा। यह कार्यक्रम स्वरोजगार बढ़ाने में कारगर साबित होगा और कारीगरों को नई दिशा प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि ‘खादी रोजगार उत्सव’ केवल मशीन वितरण कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि ये ग्रामीण भारत में रोजगार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के उत्सव हंै। खादी को बढावा देने के लिए देशभर में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ जैसे अभियानों ने खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र को नई ऊर्जा और नई पहचान प्रदान की है।
वहीं दूसरी ओर डीसी साहिल गुप्ता ने पुलिस विभाग, लोक निर्माण, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, परिवहन विभाग, बिजली निगम आदि विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। डीसी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि रूट चार्ट पर वाहनों से जाम की स्थिति नही बननी चाहिए। वाहन पार्किंग के सही जगह निर्धारित की जाए ताकि लोगों को कार्यक्रम स्थल तक आने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि पंडाल के अलावा आसपास क्षेत्रों में जरूरी जगहों पर बैरीगेटिंग की जाए ताकि आमजन को परेशानी ना हो। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर लोगों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था की जाए। इसी प्रकार से उन्होंने शहरी स्थानीय विभाग को सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन को सामान्य अस्पताल में सेफ हाऊस बनाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने के दौरान के केवीआईसी अध्यक्ष मनोज गोयल, पूर्व मंत्री जेपी दलाल और डीसी साहिल गुप्ता ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान एसडीएम विजया मलिक, डीएमसी हरबीर सिंह, डीएसपी सुरेंद्र कुमार, नगर पालिका चेयररर्सन वंदना केडिय़ा, बहल मंडल प्रभारी राजेश केडिय़ा, मार्केट कमेटी चेयरमैन संजय राहड़ व वाइस चेयरमैन अनिल खिची, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता ओपी बिश्रोई, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सोमबीर कादयान, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, जीएम रोड़वेज दीपक कुंडू, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता लोकेश डागर, रोहताश चौहान, पूर्व चेयरमैन अनिल झाझडिय़ा, संदीप बल्हारा, सुनील थेपड़ के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।