{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी में स्केटिंग का महाकुंभ 30 को 

 

भिवानी:

खेलों के मामले में हमेशा अव्वल रहने वाले भिवानी में एक बार फिर पहियों की रफ्तार का रोमांच लौटने वाला है। जिला रोलर स्केटिंग संघ भिवानी (रजि.) द्वारा 12 वर्षो के लंबे इंतजार के बाद जिला में पहली बार रोलर हॉकी और रोड स्पीड स्केटिंग के साथ-साथ इनलाइन, क्वाड, एडजस्टेबल (लेवल-3 और लेवल-4) की प्रतियोगिता आयोजित करवाई जा रही है।

यह प्रतियोगिता 30 को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों के अलावा स्केटिंग करके दिखाओ-ईनाम पाओ के आधार पर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी ईनाम देकर पुरूस्कृत किया जाएगा, ताकि उनका स्केटिंग खेल के प्रति उत्साह बढ़े तथा वे भविष्य में बेहतरीन स्केटर बनकर क्षेत्र व देश का नाम रोशन कर सकें।
      इस बारे में जानकारी देते हुए दक्षिण हरियाणा रोलर स्केटिंग संघ के मुख्य तकनीकी निदेशक अशोक जीत सिंह भारतीय व जिला रोलर स्केटिंग संघ भिवानी रजि. के अध्यक्ष प्रो. डा. अनिल कुमार, सचिव कृष्ण सैनी, उप प्रधान प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतियोगिता में अंडर-4 से 6 वर्ष, 6-8 वर्ष, 8-10 वर्ष, 10-12 वर्ष, 12-14 वर्ष, 14-16 वर्ष, 16-18 वर्ष, 18-20 वर्ष और 20 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिभागिता पुरस्कार और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
     उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में रोलर हॉकी एक टीम, सेंट जैवियर्स स्कूल से 7 टीम, मदर्स प्राईड स्कूल से 4 टीम, आदर्श विद्या मंदिर गुजरानी मोड से 3 टीम, डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णनन स्कूल से एक टीम, भिवानी पब्लिक स्कूल से एक टीम तथा अनाथाश्रम से दो टीम स्पीड स्केटिंग तथा एक टीम रोलर हॉकी प्रतियोगिता में प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि खेल के इतिहास में देश में यह पहली बार होगा, जब अनाथाश्रम के बच्चें रोलर हॉकी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में जिला रोलर स्केटिंग संघ की पूरी टीम दिन-रात जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल खेल प्रतिभाएं निखरेंगी, बल्कि सामाजिक समरसता का संदेश भी जाएगा। पंचकूला की जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. वीना सिंह और सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक रीपू दमन ने इन बच्चों को स्केटिंग किट उपलब्ध कराई है तथा आश्वासन दिया है कि भविष्य में भी इन बच्चों को खेल सामग्री की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाडिय़ों में जबरदस्त उत्साह है तथा वे सुबह-शाम शिक्षा बोर्ड कैंपस, सेंट जेवियर स्कूल कैंपस और हुडा पार्क रोड पर कड़ा अभ्यास कर रहे हैं।
     प्रतियोगिता का आयोजन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला रोलर स्केटिंग संघ हिसार के अध्यक्ष डा. जगबीर सिंह एवं हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डा. पवन कुमार के प्रोत्साहन से आयोजित होगी। वही इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन में भिवानी के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार व डीएसपी अनुप सिंह के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन का भी पूरा सहयोग रहेगा। वही प्रतियोगिता में ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल उकलाना मंडी के निदेशक सतीश भारती, रोलर स्केटिंग संघ के अध्यक्ष रमेश महता, शिवम कॉलेज संरक्षक देवेंद्र तंवर बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। वही आयोजन मंडल में समाजसेवी यशपाल सिंह, कृष्ण सैनी, कृष्णजीत सिंह तंवर, मुक्की, राजबीर सिंह, एथलेटिक्स कोच रविंद्र तंवर,  पूनम बामल, मुक्केबाजी कोच भूपेंद्र भूपी, उगमलता सिंह रहेंगे।