विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता को बढ़ाने में कौशल आधारित प्रशिक्षण की भूमिका महत्वपूर्ण : जगबीर श्योराण
भिवानी :
स्थानीय महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय में प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में एआई-पावर्ड इंटरव्यू स्किल्स पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
गुरुग्राम की संस्था यूनिफाइड मेंटर प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में ना केवल विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से साक्षात्कार देने के गुर सिखाए गए, बल्कि भविष्य में रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए कॉलेज और कंपनी के बीच एक आपसी सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय प्लेसमेंट सेल के संयोजक डा. अजीत कुमार ने स्वागत भाषण से की। उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य जगबीर श्योराण, उप-प्राचार्य डॉ. जगवीर सिंह मान और गुरुग्राम से आए विशेषज्ञों एषिका राणा व साई परशाद का औपचारिक स्वागत किया।
इस मौके पर प्राचार्य डा. जगबीर सिंह श्योराण ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में केवल किताबी ज्ञान काफी नहीं है। कौशल आधारित प्रशिक्षण विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता को बढ़ाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों को कॉरपोरेट जगत की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं।
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में यूनिफाइड मेंटर प्रा. लि. की एआई-विशेषज्ञ एषिका राणा और साई प्रसाद ने मोर्चा संभाला। उन्होंने विद्यार्थियों को एआई-आधारित इंटरव्यू ट्रेंड्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बोरिंग लेक्चर की जगह इंटरैक्टिव गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को जोड़े रखा। वही साक्षात्कार के दौरान एआई तकनीक कैसे काम करती है, इसे लाइव डेमो के जरिए समझाया गया।
महाविद्यालय के प्रेस प्रभारी डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि कार्यशाला का समापन एक बेहद रोचक प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से इंटरव्यू की तैयारी, तकनीक के सही उपयोग और करियर प्लानिंग से जुड़े कई तीखे और महत्वपूर्ण सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने संतोषजनक उत्तर दिया।
कार्यशाला के समापन के बाद एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए एमएनएस राजकीय महाविद्यालय और यूनिफाइड मेंटर प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते के तहत एषिका राणा ने आश्वासन दिया कि उनकी संस्था भविष्य में भी महाविद्यालय के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण और प्लेसमेंट के क्षेत्र में हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. रविकांत ने प्लेसमेंट सेल की ओर से प्राचार्य, उप-प्राचार्य और सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यशाला के सफल आयोजन में डा. रविकांत, डा. मदन सिंह, डा. सुरेंद्र नरवाल, डा. अशोक कादियान, डा. आनंद, अनिल कुमार, डा. विकास यादव और वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष डा. आनन्द प्रकाश ने सक्रिय भूमिका निभाई।