{"vars":{"id": "123258:4912"}}

बदबूदार जल आपूर्ति से वार्ड 27 के निवासियों का जीवन दूभर, बना बीमारियों का खतरा 

 

भिवानी :

स्थानीय वार्ड नंबर 27 में पिछले कई महीनों से आ रही दूषित और बदबूदार जल आपूर्ति ने क्षेत्रवासियों का जीना मुहाल कर दिया है।

मेल्ट जैसी तेज दुर्गंध वाले इस सीवर-युक्त पानी के कारण स्थानीय लोग तरह-तरह की बीमारियों का सामना करने को मजबूर हैं। क्षेत्रवासियों ने स्वच्छ पानी की गुहार लगाते हुए समाजसेवी एवं जन कल्याण सहयोग संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक अग्रवाल तौला से संपर्क किया।

क्षेत्रवासियों की लगातार शिकायत पर समाजसेवी दीपक अग्रवाल तौला ने वार्ड 27 स्थित ढग्यान गली में स्वयं स्थिति का जायजा लिया तथा इस स्थिति को समस्या की गंभीरता को नजरअंदाज करना मानवीय हत्या जैसा बताया। जिसके बाद उन्होंने तुरंत प्रभाव से जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करवाते हुए मांग की कि अवैध कनेक्शन धारकों पर उचित कार्यवाही की जाए, जो अक्सर डबल या ट्रिपल कनेक्शन लेने के चक्कर में लीकेज पाइप लाइन को छोडक़र अन्य में जोड़ लेते हैं, जिससे जगह-जगह लीकेज बनी रहती है। लीकेज लाइनों पर लगे सभी वाल्व को दुरुस्त किया जाए। पुरानी और डैमेज पाइप लाइनों को तुरंत बदला जाए।
     क्षेत्रवासियों ने तौला को बताया कि क्षेत्र की प्रमुख गलियों, जिनमें ढग्यान गली, वागला गली, नौघरा गली, नंद राम कटला, भूतों वाली गली, वेदों की गली, दिनोद गेट, खाकी बाबा मंदिर सर्कुलर रोड, सालासर मंदिर रोड, लिबर्टी सिनेमा रोड, चूहड़ सिंह बाजारी, मनान पाना, और अन्य गलियां शामिल हैं, इनमें दूषित जल की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। सबसे चिंताजनक स्थिति सालासर मंदिर के नजदीक दिनोद चौकी के पास है, जहां पिछले एक साल से भी अधिक समय से सीवर और जल आपूर्ति के टी-पॉइंट पर एक भयंकर लीकेज बनी हुई है। इसी लीकेज के कारण सीवर का गंदा पानी जल आपूर्ति लाइनों में मिल रहा है।
     इस मौके पर दीपक अग्रवाल तौला ने कहा कि गंदे पानी के कारण बच्चों और बुजुर्गों में टाइफाइड, डायरिया, एलर्जी और हेपेटाइटिस-ए जैसी जलजनित बीमारियां शूर्पणखा राक्षसी जैसे मुंह फैलाए बैठी हैं। स्थानीय लोग स्वच्छ पानी के अभाव में प्रतिदिन निजी वाटर टैंक मंगवाने को मजबूर हैं।

उन्होंने अधिकारियों से जल्द से जल्द इस समस्या का स्थाई निवारण करने की मांग की है। उच्च अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द लीकेज सालासर मंदिर के पास, लिबर्टी रोड व अन्य टी प्वाइंट को जल्द ही चेक करवाकर निवारण किया जाएगा।
     इस अवसर पर शिक्षाविद् पुरुषोत्तम शर्मा, महेंद्र शर्मा, बबलू, महेंद्र शर्मा, गौरव शर्मा, पवन, राजेंद्र, दिनेश कुमार, अनिल, अशोक कुमार, भानु शर्मा, हरिंदर सिंह सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।