{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा में धुंध, CM सैनी का प्रोग्राम कैंसिल 

 

हरियाणा में आज (29 दिसंबर) घना कोहरा है। सुबह से सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, भिवानी, फतेहाबाद समेत करीब दर्जनभर जिलों में विजिबिलिटी लगभग जीरो रही। मौसम विभाग ने 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।

खराब मौसम और विजिबिलिटी को देखते हुए CM नायब सिंह सैनी ने भी अपने शेड्यूल में बदलाव किया है। वह आज सोनीपत में उद्योगपतियों के साथ मीटिंग करने वाले थे, लेकिन अब इस प्रोग्राम को कैंसिल किया गया है।

पहले शेड्यूल के मुताबिक, CM सैनी सुबह 9 बजे हेलिकॉप्टर से सोनीपत पहुंचने वाले थे। इसके बाद सड़क मार्ग से उन्हें खरखोदा जाना था, जहां उनकी मीटिंग थी। धुंध में हवाई सफर मुश्किल होता, इसलिए अब वह चंडीगढ़ में ही रहकर अपने दूसरे काम निपटाएंगे।

अलर्ट वाले जिलों में वाहनों को लाइट जलाकर और धीमी गति से चलाने की एडवाइजरी जारी की गई है। वहीं, भिवानी में भगत सिंह चौक के पास धुंध की वजह से एक निजी स्कूल की बस और कार में टक्कर हो गई। हालांकि, इसमें किसी को चोट लगने की सूचना नहीं हैं। गाड़ियों की रफ्तार धीमी होने से बड़ा हादसा टल गया।

वहीं, कैथल के कलायत में दिल्ली-कटरा हाईवे पर 2 ट्रक आपस में टकरा गए। इसमें पीछे से एक ट्रक ने दूसरे को टक्कर मारी, जिससे पीछे के ट्रक में ड्राइवर काफी देर तक फंसा रहा। उसे पुलिस ने आकर निकाला।

प्रदेश के कई जिलों में कोहरा रात को ही छाने लगा था और सुबह होते होते यह गहराता गया। सुबह विजिबिलिटी 0 से 20 मीटर तक ही रही। इसके साथ ही शीत लहर की भी चेतावनी भी जारी की गई है।

घने कोहरे का असर उत्तरी हरियाणा और जीटी रोड बेल्ट के हिस्सों में ही ज्यादा दिखाई दे रहा है। जीटी रोड बेल्ट के जिलों पंचकूला से अंबाला, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत में घना कोहरा है। अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में कोहरे का असर ज्यादा है।

इसके अलावा मौसम विभाग ने पंचकूला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी और चरखी दादरी के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें हल्का कोहरा पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में शीत लहर चलने की चेतावनी भी जारी की है। इन जिलों में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, हिसार, जींद, भिवानी, और चरखी दादरी जिले शामिल हैं।

हरियाणा में हिसार का न्यूनतम तापमान आज 2.1 डिग्री रहा। यह प्रदेश में किसी भी जिले का इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। हिसार में रात का तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री नीचे है। वहीं, नारनौल में तापमान 4 डिग्री दर्ज हुआ है। यह सामान्य से 2.1 डिग्री कम है।

रविवार को भिवानी का तापमान सबसे अधिक रहा। यहां दिन के समय अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हिसार का तापमान रविवार को भी सबसे कम रहा। हिसार का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम के जानकारों की मानें तो हरियाणा में 31 दिसंबर से 2 जनवरी के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी होगी। वहीं, उत्तरी जिलों में एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। 31 दिसंबर को रात्रि से ही मौसम में बदलाव और 1 जनवरी अलसुबह से हरियाणा एनसीआर में 60-70 प्रतिशत एरिया में कहीं हल्की कहीं मध्यम तो कहीं बूंदाबांदी देखने को मिलेगी।