{"vars":{"id": "123258:4912"}}

अनुसूचित व पिछड़ा वर्ग की धर्मशालाओं में अनुदान पर लगेंगे सोलर पैनल:- एसडीएम डॉ अशवीर नैन 

 

 तोशाम। 
एसडीएम डॉ अशवीर सिंह नैन ने कहा कि नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग व हरेडा के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण एवं सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट लगाने की योजना चलाई जा रही है। इसी योजना के तहत प्रदेश सरकार द्वारा उपमंडल की पंजीकृत अनुसूचित व पिछड़े वर्ग की धर्मशालाओं में 75 प्रतिशत अनुदान पर ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट लगाए जाएंगे,

जिसकी 25 प्रतिशत राशि संबंधित संस्था द्वारा वहन की जाएगी। यह सरकार की बिजली के क्षेत्र में आत्म निर्भर बनाने के लिए एक अनूठी योजना शुरू की गई है। इन धर्मशालाओं में बिना बैटरी बैक अप के पांच किलोवाट तक के सोलर पावर प्लांट लगाए जायेंगे।
 एसडीएम ने विस्तृत  जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा यह योजना पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर की जा रही है।
इसके अतिरिक्त प्रदेश के कामकाजी महिला छात्रावास, अनाथालय, वृद्ध आश्रमों, बालगृह, नारी निकेतन, प्राकृतिक चिकित्सालय, रेडक्रॉस संस्थान तथा अन्य धर्मार्थ संस्थानों पर 50 प्रतिशत अनुदान पर ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट लगाए जायेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी 50 प्रतिशत राशि संबंधित संस्था द्वारा दी जाएगी और इन संस्थानों में बिना बैटरी बैंक के 50 किलोवाट तक के सोलर पावर प्लांट लगाए जायेंगे।
उन्होंने कहा कि इच्छुक सामाजिक संस्थाएं नीति आयोग के दर्पण पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य है।