{"vars":{"id": "123258:4912"}}

चरखी दादरी में संतान नहीं होने पर सुसाइड 

 

चरखी दादरी शहर में महिला ने जहर निगलकर आत्महत्या कर ली है। महिला शादी के 18 साल बाद भी मां नहीं बनने से आहत थी। जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

मृतका की पहचान हिंडोल निवासी करीब 37 वर्षीय प्रमिला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जिले के गांव भागवी निवासी प्रमिला की शादी साल 2007 में हिंडोल निवासी सोनू के साथ हुई थी।

शादी के करीब 18 साल बाद भी संतान नहीं होने से प्रमिला मानसिक रूप से परेशान रहती थी और उसने यह कदम उठा लिया। 

ननद के घर के बाहर निगला जहर

परिजनों ने बताया कि प्रमिला चरखी दादरी शहर के झाडू सिंह चौक निवासी अपनी ननद संगीता के पास आई थी। घर के बाहर ही उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। वह संगीता के घर में उल्टियां करते हुए पहुंची थी और उसने घर में पहुंचते ही कहा कि उसने जहर निगल लिया है। बाद में उसे दादरी के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गहा। जहां उसकी हालत अधिक खराब होने पर एडमिट नहीं किया गया।

दादरी सिविल अस्पताल में करवाया पोस्टमॉर्टम

बाद में परिजन उसे दादरी सिविल अस्पताल लेकर गए। जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। लेकिन बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जिसके बाद उसे वापस लाया गया और शव को स्थानीय सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया। जहां पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। 

सिटी थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर कागजी कार्रवाई की है। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतका के भाई भागवी निवासी प्रदीप के बयान दर्ज कर मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।