{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Sukhbir Singh Badal Attack: नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हमला, गुरुद्वारा साहिब के बाहर निहंग ने कृपाण से किया वार

नांदेड़ में गुरुद्वारा साहिब के बाहर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से हमला। सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को दबोचा।
 

 चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब के बाहर जानलेवा हमला हुआ। इस घटना में उनके हाथ में चोट आई है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के दौरान उनके परिवार के सदस्य भी उनके साथ मौजूद थे।

हमलावर ने गाड़ी से उतरते ही किया हमला

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, निहंग ने उन पर कृपाण से हमला किया है। शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष के साथ एक सुरक्षाकर्मी भी घायल बताया जा रहा है। पूर्व डिप्टी सीएम जैसे ही गुरुद्वारा साहिब में दर्शन के लिए अपनी गाड़ी से नीचे उतरे, वैसे ही एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।

इस अप्रत्याशित घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। हालांकि, उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत स्थिति को संभाला और हमलावर को दबोच लिया। इसके बाद सुरक्षा दल उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गया।

घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी

घटना के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने गुरुद्वारा परिसर और आसपास के समूचे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। हमलावर की पहचान, उसके वहां पहुंचने के मकसद और हमले की मुख्य वजह को लेकर जांच जारी है। वहीं डॉक्टरों द्वारा उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट आना अभी बाकी है।

अमृतसर में भी हो चुका है हमला

गौरतलब है कि इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को भी अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब के बाहर सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला हुआ था। उस समय वह अकाल तख्त साहिब द्वारा दी गई धार्मिक सजा के तहत हाथ में बरछी लेकर व्हीलचेयर पर सेवादार के रूप में पहरा दे रहे थे। तब नारायण सिंह चौरा नाम के शख्स ने उन पर गोली चलाने का प्रयास किया था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे और हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया गया था।