{"vars":{"id": "123258:4912"}}

CIA Staff Bhiwani News: भिवानी मर्डर केस में पुलिस ने आरोपी सुनील को किया गिरफ्तार, पूछताछ जारी

भिवानी के चर्चित सुनीता हत्या मामले में सीआईए स्टाफ-1 ने आरोपी सुनील को किया गिरफ्तार। एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा।
 

सुनीता हत्या मामले में सीआईए स्टाफ-1 भिवानी की टीम ने आरोपी को किया गिरफ्तार।

गिरफ्तार आरोपी को पेश माननीय न्यायालय में कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर किया हासिल।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस द्वारा जिला पुलिस को जिले में हत्या जैसे संगीन वारदातों में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए सीआईए स्टाफ-1 भिवानी की टीम ने सुनीता हत्या मामले में अभियोग में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

दलबीर सिंह पुत्र काशी राम निवासी गांव ईश्वरवाल, जिला भिवानी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है। उसका बेटा आकाश अपने बाल-बच्चों के साथ बहादुरगढ़ रहता है। शिकायतकर्ता के अनुसार दिनांक 09.10.2025 को करीब 11:00 बजे वह और उसकी पत्नी सुनीता अपने मकान के अंदर मौजूद थे। उसी दौरान रविन्द्र पुत्र चन्दहंस, अमन पुत्र सोमवीर तथा दो अन्य व्यक्ति हाथों में लाठी-डंडे व लोहे की रॉड लेकर उसके घर में आए और उसके साथ तथा उसकी पत्नी सुनीता के साथ मारपीट करने लगे।

शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उसकी पत्नी सुनीता पर भी वार किए तथा उसे काफी चोटें मारीं। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को पकड़कर कमरे से बाहर धक्का दे दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल सुनीता को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भिवानी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए हिसार रेफर कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार उपचार के दौरान उसकी पत्नी सुनीता की चोटों के कारण मृत्यु हो गई।

अभियोग में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दिनांक 07.09. 2026 को सीआईए स्टाफ-1 भिवानी के उपनिरीक्षक आनंद सिंह ने अपनी टीम के साथ अभियोग में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सुनील उर्फ राजेंद्र पुत्र राजेंद्र निवासी कासनी खुर्द, थाना बहल, जिला भिवानी के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनील वारदात वाले दिन अन्य आरोपियों के साथ मारपीट की घटना में शामिल था। आरोपियों एवं शिकायतकर्ता पक्ष के बीच पुराना जमीन संबंधी विवाद बताया जा रहा है, जिसके चलते उक्त वारदात को अंजाम दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी सुनील को आज दिनांक 08.09. 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस टीम ने आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। पुलिस रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से वारदात के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी तथा मामले में शामिल अन्य आरोपियों एवं वारदात से संबंधित अन्य तथ्यों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस टीम के द्वारा इससे पहले अभियोग में 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।