{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Supreme Court High Court Order Challenged Updates: हाई कोर्ट के 30 सितंबर के फैसले को दी गई चुनौती, संरक्षित गवाहों के बयानों का उठाया मुद्दा

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों के आरोपी उमर खालिद व शरजील इमाम को अंतरिम जमानत देने से किया इनकार; दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब।
 

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों के ‘मास्टरमाइंड’ बताए जाने वाले आरोपियों उमर खालिद और शरजील इमाम को शुरुआती झटका दिया है। सर्वोच्च अदालत ने दोनों को अंतरिम जमानत देने से इनकार किया है। अदालत ने इस मामले में पहले दिल्ली पुलिस को अपना जवाब दाखिल करने को कहा है। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत ने इस मामले की सुनवाई करते हुए एक ‘शर्मिंदगी’ वाली बात भी कही।

2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े 'बड़ी साजिश' के मामले में जमानत के लिए उमर खालिद और शरजील इमाम ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, जिसकी सुनवाई बुधवार को चीफ जस्टिस की अगुवाई वाली बेंच के सामने हुई। 6 साल से अधिक समय से जेल में बंद दोनों आरोपियों ने अंतरिम जमानत की मांग भी की, जिसे सर्वोच्च अदालत ने खारिज कर दिया।

वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल और सिद्धार्थ दवे ने अदालत से कहा कि दोनों को अंतरिम तौर पर जमानत दे दी जाए। अदालत ने कहा कि पहले दिल्ली सरकार को अपना जवाब दाखिल करने दिया जाए। CJI ने पुलिस को अपना जवाब दाखिल करने को कहा है। अदालत ने फौरी राहत से इनकार करते हुए कहा, 'आज नहीं, पहले सरकार को जवाब देने दीजिए।'

🤔 सीजेआई ने क्यों कही शर्मिंदगी वाली बात

याचिका पर सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने खुद के शर्मिंदा होने की बात भी कही। CJI सूर्यकांत की ओर से पूर्व में दिए गए एक फैसले का जिक्र किए जाने पर उन्होंने कहा, 'मिस्टर दवे, विरोधाभासी विचारों को देखते हुए मुझे खुद अपना दिमाग लगाना पड़ेगा। यह मेरा फैसला (नजीब केस) था जिस पर चर्चा चल रही है। इसलिए मुझे थोड़ी शर्मिंदगी महसूस हो रही है। एक बेंच कहता है कि नजीब का मतलब यह..., दूसरा बेंच कहता है कि इसका मतलब यह नहीं...। मुझे बताया जा रहा है कि मैंने क्या कहा।'

🏛️ हाई कोर्ट के फैसले को दी है चुनौती

शीर्ष अदालत में दाखिल अपनी याचिकाओं में दोनों आरोपियों ने इस आधार पर जमानत का अनुरोध किया है कि अभियोजन पक्ष संरक्षित गवाहों के बयान दर्ज कराने में विफल रहा है और सुप्रीम कोर्ट की ओर से लगाई गई एक साल की रोक की अवधि समाप्त होने वाली है। दिल्ली हाई कोर्ट ने फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के पीछे कथित 'बड़ी साजिश' से जुड़े UAPA के मामले में 30 सितंबर को खालिद और इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

🚨 53 की हुई थी मौत, 700 से ज्यादा जख्मी

खालिद और इमाम के खिलाफ UAPA के तहत केस दर्ज है। उन पर फरवरी 2020 में हुए दंगों के प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल होने का आरोप है। इन दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी और 700 से अधिक लोग घायल हुए थे। यह हिंसा नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (CAA), 2019 और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC) के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान भड़की थी।