महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज के अवतरण दिवस पर सेवा कार्यों की बहार, हवन से हुआ 6 दिवसीय कार्यक्रमों का आगाज
भिवानी, 10 मई : गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी श्री ज्ञानानंद महाराज के आगामी अवतरण दिवस 15 मई को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। इस पावन अवसर पर जहां करनाल में भव्य श्रीकृष्ण कृपा प्रेरणा उत्सव और श्री राधा जागरण का आयोजन होगा, वहीं भिवानी की श्रीकृष्ण कृपा जीयो गीता समिति ने भी सेवा और समर्पण की एक विशेष श्रृंखला तैयार की है। रविवार को भिवानी में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। इस अवसर पर श्रीकृष्ण कृपा जीयो गीता के चेयरमैन डा. विनोद अंचल, ओपी नंदवानी, चंद्रप्रकाश, अध्यक्ष नरेश आहुजा, सचिव विनोद छाबड़ा, युवा अध्यक्ष संजय कामरा, सह सचिव बीके जावला, दर्शन मिड्ढा, बिशंबर अरोड़ा, अंकित, मोंटी, पुष्पेंद्र, गजेंद्र, यतिन, नदीम, कुलदीप, हर्षित सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वामी जी का जीवन मानवता और गीता के संदेश को समर्पित है। उनके अवतरण दिवस को हम केवल एक उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि सेवा पर्व के रूप में मना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भिवानी में 15 मई तक 6 दिवसीय प्रतिदिन अलग-अलग सेवा कार्य किए जाएंगे, ताकि गुरुदेव का कृपा प्रसाद हर जरूरतमंद तक पहुंच सके। जिसकी शुरूआत रविवार को स्थानीय जिला कारागार में हवन से हुई। हमारा संकल्प है कि हम समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा कर स्वामी जी के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करें। उन्होंने बताया कि 11 मई को अनाथालय में पौधरोपण एवं स्टेशनरी वितरण, 12 मई को सुबह 6 से बजे ओमप्रकाश सरदाना पार्क में नि:शुल्क चिकित्सा कैंप, नागरिक अस्पताल में सुबह 9 बजे रक्तदान शिविर तथा सांय 5 बजे से कृष्णा कॉलोनी स्थित सनातन धर्म मंदिर में सुंदर कांड एवं गीता पाठ, 13 मई को सुबह साढ़े 6 बजे हनुमान जोहड़ मंदिर से नशा मुक्त जागरूकता यात्रा, सांय साढ़े 7 बजे रोहतक रोड़ गौशाला में गौसेवा, 14 मई को आस्था स्पेशल स्कूल में प्रात: 7 बजे श्लोक उच्चारण एवं संगीत, 15 मई को प्रात: 7 बजे दृष्टि बाधित दिव्यांग सशक्तिकरण संस्था द्वारा दिव्यांगजनां के साथ भजन व नाश्ता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भिवानी के कार्यक्रमों के समापन के साथ ही 15 मई को हुड्डा ग्राउंड सेक्टर 12 करनाल में श्री राधा जागरण का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सायं 7 बजे से रात्रि 11 बजे तक चलेगा, जिसमें देशभर से श्रद्धालु स्वामी जी का आशीर्वाद लेने पहुंचेंगे। समिति ने सभी शहरवासियों से इन सेवा कार्यों में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की है।