{"vars":{"id": "123258:4912"}}

टीचर मनीषा डेथ मिस्ट्री- गांव में आज पंचायत

 

भिवानी

गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी मनीषा मौत मामले में मंगलवार को गांव में पंचायत रखी गई है। जिसमें गांव ढाणी लक्ष्मण सहित आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचेंगे।

मनीषा के पिता संजय ने कहा कि यह पंचायत जांच में तेजी लाने के लिए रखी गई है। काफी समय हो गया, लेकिन सीबीआई भी अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई। पंचायत के माध्यम से जांच में तेजी लाने व दोषियों को उजागर करके गिरफ्तार करने की मांग रखी जाएगी।

बता दें कि गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी करीब 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा की मौत मामले में CBI की जांच जारी है। जो जांच के लिए 3 दफा भिवानी आ चुकी है और अपने स्तर पर जांच कर चुकी है।

वहीं CBI की टीम 27 अक्टूबर सोमवार को भिवानी से दिल्ली लौट गई। इसके बाद दिल्ली में ही रहकर अपने स्तर पर जांच कर रही है।

मनीषा को लापता होने के दिन को 93 दिन हो चुके हैं और शव मिले 91 दिन हो चुके हैं। वहीं सीबीआई की टीम को भिवानी पहुंचकर जांच शुरू किए भी 70 दिन हो चुके हैं। लेकिन सीबीआई की तरफ से अभी तक कोई ऑफिशियल जानकारी सांझा नहीं की गई।