Thakur Vikram Singh Press Conference: भिवानी में पूर्व वित्त मंत्री की जयंती पर विशेष कार्यक्रम, नशा मुक्ति और किसान कल्याण का लिया जाएगा संकल्प
भिवानी में 25 अक्टूबर को मनाई जाएगी पूर्व वित्त मंत्री ठाकुर बीर सिंह की 102वीं जयंती। सांसद संजय भाटिया करेंगे शिरकत, 36 बिरादरी को दिया गया न्योता।
भिवानी में 25 अक्टूबर को मनाई जाएगी ठाकुर बीर सिंह की 102वीं जयंती, संजय भाटिया होंगे मुख्य अतिथि
ठाकुर बीर सिंह जयंती समारोह में 36 बिरादरी को न्योता, सामाजिक एकजुटता का संदेश देंगे आयोजक
भिवानी में पूर्व वित्त एवं सहकारिता मंत्री ठाकुर बीर सिंह की 102वीं जयंती 25 अक्टूबर को धूमधाम से मनाई जाएगी। इस भव्य आयोजन को लेकर शुक्रवार को स्थानीय हांसी रोड़ पर ठाकुर बीर सिंह मार्ग पर स्थित दुर्गा पैलेस में ठाकुर बीर सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर विक्रम सिंह द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन कर समारोह की रूपरेखा साझा की। इस अवसर पर मास्टर उदयवीर सिंह व विशाल जीत सिंह भी मौजूद रहे।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए ठाकुर विक्रम सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार में पूर्व वित्त एवं सहकारिता मंत्री रहे स्व. ठाकुर बीर सिंह की 102वीं जयंती के उपलक्ष्य में 25 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे भिवानी के शकुंतला गार्डन में समारोह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ठाकुर बीर सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में समाज के हर वर्ग के उत्थान और क्षेत्र के विकास के लिए अविस्मरणीय कार्य किए हैं, जिन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद संजय भाटिया मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं, हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहन लाल बड़ोली अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही समारोह में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मवीर सिंह, भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, सुनील सांगवान, उमेद पातुवास, कपूर सिंह वाल्मीकि, कंवर सिंह यादव, भाजपा भिवानी के जिला अध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक, राष्ट्रदीप सिंह परमार, भवानी प्रताप सिंह और रवि चौहान बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि स्व. ठाकुर बीर सिंह जी का पूरा जीवन संघर्ष, समर्पण और जनसेवा की मिसाल रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में सडक़ों के निर्माण और स्कूलों के अपग्रेडेशन जैसे दूरदर्शी कार्य कर प्रदेश के विकास की मजबूत नींव रखी। उनके बचपन से लेकर अंतिम क्षणों तक के इस प्रेरणादायी सफर पर एक विशेष डॉक्यूमेंट्री तैयार की जा रही है, ताकि हमारी युवा पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रदेश और समाज के उत्थान में अपनास्न योगदान दे सके।
ठाकुर विक्रम सिंह ने वर्तमान समय की गंभीर सामाजिक समस्याओं, विशेषकर युवाओं में फैल रहे नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज में कैंसर की बीमारी की तरह अंदर ही अंदर पैर पसार रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने घोषणा की कि 25 अक्टूबर के जयंती समारोह के तुरंत बाद एक नवंबर से वे दो प्रमुख संकल्पों पर कार्य शुरू करेंगे, पहला, युवा पीढ़ी को नशा मुक्त बनाना और दूसरा, किसानों के हितों की रक्षा व उनकी भलाई के लिए कार्य करना। ठाकुर विक्रम सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि हमारी साझा संस्कृति, सामाजिक समरसता और आपसी एकजुटता का एक जीवंत प्रतीक है। इसी भावना के साथ हमने 36 बिरादरी के हर वर्ग और हर परिवार को इस ऐतिहासिक आयोजन में सादर आमंत्रित किया है, क्योंकि सबका साथ और सबका विश्वास ही हमारी असली ताकत है।