{"vars":{"id": "123258:4912"}}

कोर्ट के गेट नंबर तीन के पास कचरे के स्थान को हरा-भरा बनाकर दिया जाएगा आकर्षक लुक 

 

भिवानी।  

चंद ही दिनों में कोर्ट के गेट नंबर तीन के बाहर आपको कचरे का स्थान हरा-भरा नजर आएगा। यहां पर राहगीर या कोर्ट में अपने कार्य के लिए आने वाले लोग या सुबह-शाम सैर सपाटा करने वाले अपनी थकान भी उतार सकेंगे।

नगर परिषद ने इसकी पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है। नगर परिषद का यह प्रयास स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 में शहर की रैंक सुधारने में भी महत्वपूर्ण साबित होगा। शहर में आकर्षण का केंद्र बना जयपुरी मस्कट भी स्वच्छता के लिए ही एक प्रयास है।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष भारत सरकार द्वारा शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता का सर्वे करवाया जाता है। शहरी क्षेत्र के सर्वे के लिए इसी महीने केंद्र से टीम आएंगी। स्वच्छता सर्वेक्षण 12500 अंक का होगा। सर्वे कार्य में नगर परिषद या नगर पालिका द्वारा भिवानी शहर के साथ-साथ कस्बा बवानीखेड़ा, सिवानी और लोहारू में स्वच्छता पर किए गए कार्य व प्रयासों को देखने के साथ-साथ आमजन से भी राय ली जाएगी। शहरी स्थानीय निकाय ने भी सर्वेक्षण को लेकर पूरी तैयारी की है। वहीं दूसरी ओर आमजन से आह्वान किया है कि वे अपने शहर व कस्बे को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने के लिए इधर-उधर कचरा ना डालें।
इसी कड़ी में नगर परिषद ने कोर्ट के गेट नंबर तीन के बाहर कचरे के स्थान को नया आकर्षक रूप देने की योजना बनाई है। इस स्थान को हरा भरा किया जाएगा। इसके अलावा यहां पर कुर्सी डाली जाएंगी, जहां कोर्ट में आने-जाने वाले लोग अपनी थकान उतार सकेंगे। योजना अनुसार दो सप्ताह में यहां सौंदर्यकरण का कार्य शुरु हो जाएगा।

सौंदर्यकरण को लेकर मंगलवार को सफाई निरीक्षक विकास देसवाल ने वार्ड दो पार्षद संदीप यादव और ठेकेदार को साथ लेकर कोर्ट के गेट नंबर तीन के बाहर कचरे के स्थान का निरीक्षण किया। यहां पर अक्सर लोग कूड़ा डालते हैं।
यहां यह बताते चलें कि भिवानी शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए नगर परिषद हर संभव प्रयास कर रही है। शहर में 12 कचरा प्वाइंट का सौंदर्यकरण कर आकर्षक रूप दिया जा चुका है, जिनमें हांसी गेट के पास केएम पब्लिक स्कूल, रेडक्रॉस भवन के पास, हलवासिया स्कूल के सामने, द्रौणाचार्य स्कूल के पास, रविदास रोड़ पर सर्विस स्टेशन के पास, न्यू हाउसिंग बोर्ड, फूलां देवी स्कूल, चौ. बंसीलाल पार्क के पास, चौ. बंसीलाल सामान्य अस्पताल के पास, कमला भवन के पास, दादरी रोड क्षेत्र में सरकुलर रोड़ पर, सेक्टर 13 में एक जगह शामिल है। चौ. बंसीलाल सामान्य अस्पताल के पास पुराने टायरों से बनवाकर रखी गई तोप अनायास ही लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रही है।
जिला नगर आयुक्त गुलजार मलिक ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में केंद्र मंत्रालय से आने वाली टीम द्वारा शहरी क्षेत्र में स्वच्छता व बारिश के पानी निकासी को लेकर किए गए कार्य देखे जाएंगे।

इसके साथ-साथ आमजन से भी उनकी राय जानी जाएगी। मंत्रालय की टीम द्वारा सार्वजनिक शौचालयों और शहरी क्षेत्र में कचरा मुक्त स्थिति का जायजा लिया जाएगा। डोर-टू डोर कचरा कलेक्शन व गीला तथा सूखा कचरे के निस्तारण की जानकारी ली जाएगी। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से सीवरेज के पानी को साफ करने व उसके रीयूज की स्थिति जानी जाएगी। बरसाती पानी निकासी के नालों की स्थिति व निकासी प्रबंध देखे जाएंगे। स्कूलों में ठोस कचरा प्रबंधन की स्थिति की जानकारी ली जाएगी। इसके साथ ही शहरी स्थानीय की स्वच्छता एप के प्रयोग व आने वाली शिकायतों पर कार्रवाई की जानकारी ली जाएगी।
शहर को गंदगी से मुक्त बनाने में आमजन का सहयोग जरूरी: गुलजार मलिक
नगर परिषद आयुक्त गुलजार मलिक ने नागरिकों से अपील करते हुए बताया कि शहर में गंदगी की समस्या से निजात के लिए नगर परिषद प्रशासन द्वारा 8053609453 और 8053609445 नंबर जारी किए गए हैं, जिन पर नागरिक गंदगी की समस्या का फोटो भेज सकते हैं, जिस पर नगर परिषद द्वारा कार्रवाई की जाती है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि कचरा कलेक्शन के लिए ऑटो टिप्पर डोर टू डोर जा रहे हैं। नागरिक गाड़ी में गीला व सूखा कचरा अलग-अलग डालें। कहीं भी आते जाते समय सडक़ों या खाली प्लाटों में गंदगी ना डालें।