{"vars":{"id": "123258:4912"}}

इनेलो महिला विंग ने हवन कर लौहपुरुष चौ. ओमप्रकाश चौटाला को दी श्रद्धांजलि 

 

भिवानी :

स्थानीय सिटी मॉल स्थित इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) महिला विंग की प्रदेश महासचिव इंदु परमार के कार्यालय में शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा और हवन का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री लौहपुरुष स्व. चौधरी ओमप्रकाश चौटाला की स्मृति में आयोजित किया गया। इस दौरान मंत्रोच्चारण के साथ हवन शुरू हुआ, जिसमें इनेलो कार्यकर्ताओं और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने आहुति डालकर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पूरा कार्यालय परिसर चौ. ओमप्रकाश चौटाला अमर रहे, के नारों से गूंज उठा।

उपस्थित लोगों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान वक्ताओं ने हरियाणा के विकास में स्व. ओमप्रकाश चौटाला के योगदान पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर इनेलो महिला विंग की प्रदेश महासचिव इंदु परमार ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए केवल शोक का नहीं, बल्कि चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के दिखाए गए संकल्पों को दोहराने का दिन है।

वे सही मायनों में लौहपुरुष थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन हरियाणा की जनता और किसानों की सेवा में समर्पित कर दिया। इस मौके पर पूर्व मंत्री वासुदेव शर्मा ने कहा कि स्व. ओमप्रकाश चौटाला के विचार और विकास की उनकी सोच हमेशा हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी। आज हवन के माध्यम से प्रदेश की सुख, शांति और तरक्की की कामना की है, जो हमेशा से चौटाला साहब का मुख्य सपना रहा था।

उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्व. चौ. ओमप्रकाश चौटाला की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि इनेलो का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके पदचिन्हों पर चलते हुए हरियाणा को फिर से विकास की ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री वासुदेव शर्मा, जिला अध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु, डा. मनजीत ढुल, प्रदीप कुंडू, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला प्रधान आनंद, भूपेंद्र कोच, सज्जन परमार, राजेश पुनिया सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।