{"vars":{"id": "123258:4912"}}

बीआर अंबेडकर शिक्षा सुधार समिति ने किया सांसद का सम्मान

 

भिवानी

वार्ड नंबर-19 स्थित बृजवासी कॉलोनी के डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन में बीआर अंबेडकर शिक्षा सुधार समिति द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

लाइनपार क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों से गदगद स्थानीय निवासियों, रेल अंडरपास महापंचायत, आरडब्ल्यूए और अटल स्पोर्ट्स अकादमी ने सांसद का जोरदार स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद धर्मबीर सिंह ने बाबा साहेब के पदचिन्हों पर चलने और शिक्षा के स्तर को सुधारने पर जोर दिया।

उन्होंने मौके पर ही डा. भीमराव अंबेडकर भवन के कायाकल्प के लिए 6 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। जिसके तहत 5 लाख रुपये भवन के सुधारीकरण और मरम्मत कार्यों के लिए तथा एक लाख रुपये विद्यार्थियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए होंगे। इस मौके पर सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति भी मुख्यधारा में शामिल हो सकता है।

अंबेडकर भवन का सुधारीकरण युवाओं को बेहतर माहौल प्रदान करेगा। समारोह के दौरान वार्ड नंबर-19 के पार्षद शिवकुमार गोठवाल ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को सांसद के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि लाइनपार क्षेत्र के चार वार्डों में करीब एक लाख की आबादी बसती है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर यहां भारी कमी है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वर्तमान में केवल एक स्कूल है, जो केवल 8वीं कक्षा तक है और उसका भवन भी जर्जर हो चुका है। छात्राओं को 12वीं तक की पढ़ाई के लिए रेलवे लाइन पार करके शहर जाना पड़ता है, जो असुरक्षित और असुविधाजनक है। उन्होंने सांसद के समक्ष मांग रखी कि स्कूल के लिए जिला परिषद के स्वामित्व वाली सरकारी भूमि उपलब्ध है, लेकिन उस पर वर्तमान में झुग्गियों, मंदिर और बिल्डिंग मैटेरियल की दुकानों का अवैध कब्जा है। ऐसे में यहां से अवैध कब्जों व झुग्गी को हटवाकर कन्या स्कूल बनवाया जाए।

पार्षद गोठवाल की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा के ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर प्रभाती लाल मेहरा, अनिल चौपड़ा, रोहताश वर्मा, रामशरण ठेकेदार, राम सिंह वैद, सोमबीर, हरिदास, सज्जन, सुरेंद्र राणा, इंद्र सिंह लांबा, सोमबीर, जयचंद यादव, नौरंग शेखावत, पीआर मेहरा, रमेश वर्मा, बलजीत गिल, सतबीर मास्टर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।